DESK: महाराष्ट्र के सोलापुर में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन कुएं में गिर गयी। इस हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी, वही 7 श्रद्धालु घायल हो गये। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना पर पीएम मोदी ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की घोषणा की है।
यह दर्दनाक हादसा महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर क्षेत्र में हुई है। जहां भगवान सिद्धनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक कुएं में जा गिरी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल हो गए। घायलों का इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि पंढरपुर तहसील के रांजनी गांव के निवासी श्रद्धालु भगवान सिद्धनाथ के दर्शन के लिए म्हसवड गए थे। दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु पिकअप वाहन से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान माळशिरस तहसील के तांदुलवाड़ी गांव के पास वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे स्थित एक कुएं में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इस दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही या इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले थे। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोलापुर में हुए इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की गई है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।


