DESK: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। करीब 16 लाख फॉलोअर्स वाली 30 वर्षीय निधि तिवारी की उनके घर में संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फोन पर बातचीत के दौरान हुई घटना
मामला मोरवा थाना क्षेत्र का है। पुलिस और परिजनों के अनुसार, निधि तिवारी अपने भूसा मोड़ स्थित घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में थीं। इसी दौरान वह पंजाब निवासी और एनसीएल की एक कंपनी में कार्यरत इंजीनियर सोनू सिंह से फोन पर बातचीत कर रही थीं। तभी बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद निधि कमरे में चली गईं और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे घरवाले
जब कुछ देर बाद निधि की मां को घटना की जानकारी मिली। वह अपनी दोनों बेटियों के साथ ऊपरी मंजिल पर पहुंचीं, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने अपने दामाद नीलेश मिश्रा को बुलाया। नीलेश मिश्रा के पहुंचने के बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर निधि अचेत अवस्था में मिलीं। परिजनों ने उन्हें तुरंत नीचे उतारा और इलाज के लिए एनसीएल अस्पताल, सिंगरौली लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सोशल मीडिया पर थी काफी लोकप्रिय
बता दें कि निधि तिवारी सोशल मीडिया पर काफी चर्चित थीं। उनके फेसबुक पर करीब 9 लाख और इंस्टाग्राम पर 7 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। वह स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रहती थीं और कई ब्यूटी कॉन्टेस्ट में खिताब अपने नाम कर चुकी थीं।





