DESK: इस वक्त की बड़ी खबर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से आ रही है, जहां एक दर्दनाक हादसा हुआ है। पुणे से घूमने आए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई है। घटना दिवेआगर के दिघी सागरी इलाके की है, जहां पुणे के आलंदी स्थित एक प्राइवेट कोचिंग के कई छात्र पिकनिक मनाने के लिए समुन्द्र के किनारे पहुंचे थे। इस घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 'विनर्स एकेडमी फॉर 11th & 12th' के 48 बच्चों का समूह दिवेआगर घूमने आया था। इस ग्रुप में 25 लड़के, 17 लड़कियां और छह शिक्षक शामिल थे। छात्र समुद्र में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान तेज लहरों और गहरे पानी के बहाव की चपेट में आने से आठ छात्र बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू किया। दिवेआगर में भाऊ मारुति सालुंखे महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के मालिक भाऊ मारुति सालुंखे और उनकी टीम ने भी छात्रों की तलाश में अभियान चलाया। बाद में सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए।
मृतकों की पहचान तन्मय दत्तात्रेय वाहिले, सुमित भरत अहिरे, प्रणव रामदास बनसोडे, कैवल्य सतीश वासनकर, राजवीर युवराज वाहिले, यश किरण वानखेड़े, सोहम तुकाराम भंडवलकर और कौस्तुभ संदीप दौंड के रूप में हुई है। सभी छात्र 16 वर्ष के बताए जा रहे हैं और पुणे के आलंदी के रहने वाले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र समुद्र में नहाने और तैरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज लहरों और गहरे पानी के बहाव में वे बह गए। बताया जा रहा है कि छात्रों को समुद्र की लहरों और पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं था।
हादसे की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने भी बचाव अभियान में मदद की। रायगढ़ के दिवेआगर समेत कई समुद्री तट पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हैं, लेकिन मानसून और हाई टाइड के दौरान समुद्र में जाने पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।





