1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 14, 2026, 2:43:12 PM
नाले की गैस-इस्त्री पर रोटी’ वाला वीडियो वायरल - फ़ोटो सोशल मीडिया
DESK: देशभर में लोग रसोई गैस की किल्लत से परेशान हैं। सिलेंडर लेकर सुबह से लाइन में लगे लोगों की भीड़ आए दिन देखने को मिल रही है। हर कोई परेशान है और सरकार से इस समस्या का समाधान निकालने की मांग कर रहे हैं। हालांकि सरकार में बैठे अधिकारियों का कहना है कि गैस की कोई किल्लत नहीं हैं, यह सब अफवाह उड़ाया जा रहा है। जो लोग अफवाह उड़ाने और गैस की कालाबाजारी करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एलपीजी गैस की भारी किल्लत के बीच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने इस स्थिति में भी ‘आपदा में अवसर’ तलाश लिया है। गैस एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें, सिलेंडर के लिए मारामारी और लोगों की परेशानियों को आधार बनाकर कई तरह के मीम्स और रील्स तेजी से वायरल हो रहे हैं। ‘नाले की गैस’, ‘इस्त्री पर रोटी’ और ‘इमर्शन रॉड से सब्जी’ जैसे अनोखे कंटेंट लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
इन दिनों गैस एजेंसियों के बाहर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। लोग सिलेंडर लेकर लंबी लाइनों में खड़े हैं। इस अफरातफरी के बीच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को नया कंटेंट मिल गया है। वे गैस की किल्लत से जुड़ी परिस्थितियों को हास्य और जुगाड़ के साथ पेश कर रहे हैं, जिसकी वजह से उनकी वीडियो और रील्स तेजी से वायरल हो रही हैं।
अब तक कई इन्फ्लुएंसर अमेरिका-इजरायल और ईरान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर वीडियो बना रहे थे। चूंकि यह संवेदनशील विषय था, इसलिए इस पर सोच-समझकर और सीमित लोग ही कंटेंट बना रहे थे। लेकिन जैसे ही गैस की किल्लत की खबरें सामने आईं, वैसे ही यह विषय सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड करने लगा। इसमें हास्य और देसी जुगाड़ की गुंजाइश ज्यादा होने के कारण कई क्रिएटर्स इस पर मजाकिया वीडियो बनाने लगे।
इन वीडियो और रील्स पर हजारों-लाखों कमेंट भी आ रहे हैं। अधिकांश लोग इन्हें मनोरंजन के रूप में देख रहे हैं और मजाकिया टिप्पणियाँ कर रहे हैं। हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि ऐसे वीडियो देश की छवि खराब करते हैं और संकट को हल्का बनाकर पेश करते हैं। उनका कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में लोगों को देश के साथ खड़ा होना चाहिए, न कि अंदरूनी समस्याओं को सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनामी करनी चाहिए।
नाले की गैस
सबसे ज्यादा वायरल वीडियो में नाले से गैस निकालने का जुगाड़ दिखाया जा रहा है। इसमें पाइप को नाले में डालकर चूल्हे या सिलेंडर से जोड़ने की कोशिश की जाती है, लेकिन गैस नहीं बनती। वीडियो में मजाकिया अंदाज में कहा जाता है कि अब लोगों के मल में पहले जैसा दम नहीं रहा।

इस्त्री पर रोटी पकाते वीडियो
कुछ वीडियो में प्रेस (इस्त्री) की मदद से रोटी सेंकते हुए दिखाया गया है। इस्त्री को उल्टा करके उस पर रोटी बनाई जाती है। यह देसी जुगाड़ पहले भी कई बार चर्चा में रहा है। वीडियो बनाने वाले दावा करते हैं कि उन्हें गैस की जरूरत ही नहीं है।

इमर्शन रॉड से सब्जी बनाते वीडियो
एक अन्य वायरल वीडियो में पानी गर्म करने वाली इमर्शन रॉड से सब्जी और दाल पकाने का तरीका दिखाया गया है। गहरे बर्तन में सब्जी या दाल डालकर उसमें रॉड डाली जाती है और उसे उबाला जाता है। यह भी देसी जुगाड़ के रूप में सोशल मीडिया पर खूब लाइक और शेयर बटोर रहा है।

उपलों (गोईठा) की कालाबाजारी
एक वीडियो में लंबी लाइन और अफरातफरी दिखाई जाती है। शुरुआत में लगता है कि लोग गैस सिलेंडर के लिए खड़े हैं, लेकिन अंत में पता चलता है कि यह लाइन उपलों (गोईथा) के लिए लगी है। इसमें उपलों की कालाबाजारी का मजाकिया अंदाज में जिक्र किया गया है।

सिलेंडर चोरी
एक और वीडियो में पति-पत्नी घर लौटते हैं और देखते हैं कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। वे डर जाते हैं और पूरे घर की जांच करते हैं। पैसे और जेवरात सब सुरक्षित मिलते हैं, लेकिन जब रसोई में जाते हैं तो पता चलता है कि गैस सिलेंडर चोरी हो चुका है।
