IMD Alert for Heavy Rain: भारत मौसम विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन में कहा है कि मॉनसून एक बार फिर पूरे देश में सक्रिय होने जा रहा है. सैटेलाइट तस्वीरों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बादलों का एक विशाल ‘व्हाइट जोन’ यानी सफेद बादलों का घना समूह दिखाई दे रहा है, जो तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह नमी से भरपूर बादलों का सिस्टम उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का कारण बन सकता है.
बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के भीतर उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की प्रबल संभावना है. इसके प्रभाव से अगले सात दिनों के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में व्यापक वर्षा होने के आसार हैं.
आईएमडी ने ओडिशा के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 14 और 15 जुलाई को राज्य के कुछ इलाकों में 204 मिमी से अधिक अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. पिछले 24 घंटों में ओडिशा के केंद्रपाड़ा में 16 सेंटीमीटर और बिहार के पश्चिमी चंपारण में 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है. भारी बारिश के कारण जलभराव, शहरी बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है.
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और बिहार के लिए पूर्वानुमान
पूर्वी भारत में जहां लगातार बारिश हो रही है, वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में लोगों को अभी गर्मी और उमस से राहत मिलने के लिए कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में अगले 6-7 दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना कम है. 16 जुलाई तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा. दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, हालांकि शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. आईएमडी ने हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 19 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है.
इसके अलावा मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 14 से 17 जुलाई तक छिटपुट बारिश होगी, जबकि 18 और 19 जुलाई को वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. उत्तराखंड में 14 से 19 जुलाई के बीच व्यापक बारिश तथा 15 से 19 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं 18 और 19 जुलाई को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश होने की संभावना है.





