DESK: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी के करीब 15 महीने बाद एक नवविवाहिता के घर से अचानक गायब होने का मामला सामने आया है। चिकासी थाना क्षेत्र के रहने वाले सिद्धगोपाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर यह आरोप लगाया है कि उनकी बहू राधा घर में रखे 1.25 लाख रुपये नकद और जेवर लेकर अपने रिश्ते के मामा रज्जू के साथ भाग गई है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बता दें कि सिद्धगोपाल के बेटे अजय की शादी 18 मई 2025 को बिलगांव टीला निवासी ख्यालीराम की बेटी राधा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। ससुर ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद अजय ने राधा को किसी युवक से छिपकर बातचीत करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद परिवार में विवाद होने लगा।
बातचीत को लेकर घर में हुआ विवाद
ससुर सिद्धगोपाल का आरोप है कि विवाद के बाद राधा परिवार के लोगों को आत्महत्या करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी। जिसके बाद इसकी सूचना राधा के मायके वालों को भी दी गयी। जिसके बाद 28 अगस्त 2026 को राधा के माता-पिता उसे अपने साथ मायके ले गए। सिद्धगोपाल का कहना है कि उस समय उन्होंने जेवर ले जाने पर मना नहीं किया था, लेकिन बाद में पता चला कि घर में रखे 1.25 लाख कैश भी राधा अपने साथ ले गई है।
मायके वालों ने कुछ दिन बाद भेजने की बात कही
राधा को वापस भेजने के लिए जब उसके मायके वालों से संपर्क किया गया तो उन्होंने कुछ दिन बाद भेजने की बात कही। हालांकि, कुछ दिनों बाद पता चला कि राधा अपने मायके में भी नहीं है।
ससुर सिद्धगोपाल ने बताया कि 10 सितंबर 2026 को उन्हें बहू के मायके के कुछ लोगों से जानकारी मिली कि राधा अपने रिश्ते के मामा रज्जू के साथ कहीं चली गई है। इसके बाद वह राधा के मायके पहुंचे। आरोप है कि वहां उसके माता-पिता ने भी रज्जू के साथ जाने की बात स्वीकार की, लेकिन उसे वापस भेजने से इनकार कर दिया।
पुलिस कर रही नवविवाहिता की तलाश
इसके बाद सिद्धगोपाल ने चिकासी थाना पुलिस को शिकायत देकर राधा की तलाश कराने, नकदी और जेवर ले जाने के आरोप की जांच करने तथा कार्रवाई की मांग की। चिकासी थाना प्रभारी मयंक सिंह के मुताबिक, ससुर की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर नवविवाहिता की तलाश की जा रही है। लापता विवाहिता पर जो आरोप लगाया गया है, उसकी भी जांच की जा रही है.





