Jamui Student Case: बिहार के जमुई में छात्रा के साथ अश्लील हरकत और छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार नंदन यादव समेत अन्य आरोपियों को सुपर स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाने की तैयारी तेज हो गई है। सरकार ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इसका टास्क सौंप दिया है। जमुई डीएम और एसपी ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर बताया कि 15 से 20 दिनों के भीतर आरोपियों को सजा दिलाने का काम पूरा हो जाएगा।
जमुई डीएम नवीन ने बताया कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आईपीएस अधिकारी दिप्ती मनाली और आईएएस अधिकारी शिप्रा विकास चौधरी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। डीएम ने कहा कि पीड़िता जमुई की बेटी है और उसकी मानसिक स्थिति के बारे में सोंचना हर किसी की जिम्मेवारी है।
डीएम और एसपी ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर ऐसे कंटेंट पोस्ट करने से बचें। डीएम ने बताया कि सोशल मीडिया पर एआई और फर्जी वीडियो भी प्रसारित किए जा रहे हैं। जिससे निष्पक्ष जांच पर असर पड़ सकता है। वहीं एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि सभी आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में नंदन यादव के पैर में गोली लगी थी। वहीं हरेराम यादव भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया था। दोनों का इलाज कराने के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया। कांड में पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर केस से संबंधित गलत पोस्ट करने वाले 225 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।





