Bihar Crime News: बिहार के गयाजी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बैरागी में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए सो रहे परिवार को कथित तौर पर स्प्रे सुंघाकर बेहोश कर दिया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी की घटना गुरुवार रात करीब एक से तीन बजे के बीच हुई।
पीड़ित पवन कुमार ने बताया कि सुबह पांच से छह बजे के बीच जब उनकी नींद खुली, तो कमरे का सामान बिखरा मिला। अलमारी और अन्य जगहों पर रखे करीब दो लाख रुपये नकद तथा सोने की चेन, अंगूठियां, कंगन और चांदी के सिक्के समेत लगभग 10 लाख रुपये के जेवर गायब थे। चोरों ने इडली बनाने वाले बर्तन में छिपाकर रखी नकदी भी निकाल ली।
परिवार के सदस्यों को सुबह चक्कर आने और सिरदर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें गोलपत्थर स्थित अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद सभी घर लौट आए। बताया गया कि मकान मालिक झारखंड पुलिस में दारोगा हैं।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह के मुताबिक, अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी





