PATNA: बिहार विधान परिषद (MLC)की दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट पर 50 घंटे से अधिक समय से मतों की गिनती जारी है। जबकि बिहार की 8 सीटों में से 7 सीटों के नतीजे घोषित कर दिये गये हैं। सिर्फ एक सीट पर अभी तक फाइनल नतीजे नहीं आ पाए हैं।
एनडीए समर्थित भाजपा (BJP)प्रत्याशी सर्वेश कुमार और राजद (RJD)प्रत्याशी अनिल कुमार झा के बीच मुकाबला है। 29 अक्टूबर दिन गुरुवार देर शाम तक अंतिम नतीजे आने की संभावना है। रिजल्ट में हो रही देरी को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी है।
तेजस्वी यादव ने एक्स पर यह लिखा है कि दरभंगा स्नातक की 27 अक्टूबर से मतगणना हो रही है, आज 29 अक्टूबर खत्म होने को है। 10 प्रतिशत मत अवैध घोषित करने के बावजूद RJD दरभंगा स्नातक से जीत रही है लेकिन चुनाव आयोग मतगणना में जबरन BJP की जीत खोज रहा है, परंतु हम ऐसा होने नहीं देंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद कार्यकर्ता मजबूती से काउंटिंग सेंटर पर है। बीते 56 घंटे से चुनाव आयोग बेईमानी की कोशिश कर रहा है लेकिन ऐसा हरगिज़ नहीं होने दिया जाएगा। लोकतंत्र बचाने के लिए जनता अब आर-पार करने के मूड में है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रथम वरीयता में 14 टेबल की गिनती पूरी होने के बाद बीजेपी के सर्वेश कुमार अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अनिल कुमार झा से करीब 1500 मतों से आगे चल रहे थे। इस चुनाव को जीतने के लिए तय किया गया कोटा 31,911 वोट था। प्रथम वरीयता के मतों में किसी भी उम्मीदवार को यह आंकड़ा हासिल नहीं हो सका। जादुई आंकड़ा नहीं मिलने के कारण बुधवार को द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती और एलिमिनेशन प्रक्रिया शुरू की गई। अन्य बाहर होने वाले उम्मीदवारों के वोटों का ट्रांसफर अब जीत-हार तय करेगा।
रिजल्ट में हो रही देरी को लेकर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि दरभंगा स्नातक में आरजेडी की जीत हो रही है, लेकिन चुनाव आयोग जबरन बीजेपी की जीत का रास्ता खोज रहा है। तनाव को लेकर मतगणना केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है।
वही इस संबंध में दरभंगा के डीएम कौशल कुमार ने बताया कि मतों के हस्तांतरण की जटिल प्रक्रिया के कारण परिणाम आने में समय लग रहा है। 29 अक्टूबर की देर शाम तक अंतिम नतीजे स्पष्ट होने की पूरी संभावना है।





