BHOJPUR: बिहार एसटीएफ की आर्म्स सेल ने अवैध हथियार और कारतूस की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर टीम ने तीन कथित आर्म्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 19 हजार .32 बोर के कारतूस, एक देसी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी सारस कुमार, अहियापुर के फतेहपुर निवासी लल्टू कुमार और सीवान जिले के माधवपुर तरवारा निवासी चंदन तिवारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी एक लग्जरी कार से उत्तर प्रदेश से कारतूस की बड़ी खेप लेकर बिहार आ रहे थे। इसी दौरान एसटीएफ की आर्म्स सेल को इसकी सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने कोईलवर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर छापेमारी की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
कार की तलाशी लेने पर 19 हजार .32 बोर के कारतूस, मैगजीन के साथ एक देसी पिस्टल, पांच मोबाइल फोन और लग्जरी कार बरामद की गई। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कारतूस की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और बिहार में इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी।
फिलहाल कोईलवर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। मामले में हथियार और कारतूस की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
भोजपुर से राकेश कुमार की रिपोर्ट





