KAIMUR: बिहार में जब से शराबबंदी लागू हुआ तब से सूखा नशा का प्रचलन तेज हो गया है। ऐसा कोई इलाका नहीं बचा होगा जहां आपकों गंजेरी और स्मेकियर नजर ना आए। सूखा नशा की ओर लोगों का झुकाव इस कदर हो गया है कि इसके लिए लोग आपराधिक वारदातों को भी बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं। पंजाब की तरह इस प्रदेश को भी उड़ता बिहार बनाने में लोग लगे हैं।
सूखा नशा बेचने में अब महिलाएं भी लगी हुई है। ताजा मामला बिहार के कैमूर जिले से सामने आई है। जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुदरा रेलवे स्टेशन के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला और स्थानीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
कैमूर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कुदरा रेलवे स्टेशन के समीप त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने लगभग 14 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्करों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं।
मामले की जानकारी देते हुए मजिस्ट्रेट सह अंचलाधिकारी विवेक कुमार ने बताया कि कुदरा पुलिस को क्षेत्र में गांजा की बड़ी खेप लाए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर तत्काल छापेमारी दल का गठन किया गया और कुदरा स्टेशन के पास से दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 13 किलो गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतास जिले की रहने वाली अनिता कुमारी तथा कुदरा थाना क्षेत्र के निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ के बाद दोनों तस्करों और जब्त किए गए गांजा को स्थानीय कुदरा थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
थाना स्तर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किसे सौंपा जाना था।





