BEGUSARAI: बेगूसराय में दोस्ती, भरोसे और इंसानियत को शर्मसार कर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां इंटर के एक छात्र का पहले अपहरण किया गया, फिर बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को बेगूसराय से करीब 90 किलोमीटर दूर खगड़िया जिले के बेलदौर दियारा क्षेत्र स्थित तालाब में फेंक दिया गया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंकौल गांव निवासी राम उदय यादव के 16 वर्षीय पुत्र विकास कुमार उर्फ विकास यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकास इंटर का छात्र था और मंगलवार की दोपहर छात्रवृत्ति योजना के तहत मिलने वाले 10 हजार रुपये के लिए फॉर्म भरने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
जब परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो गांव के लोगों ने बताया कि विकास को उसके दोस्त मोहित यादव उर्फ कारेलाल और एक अन्य युवक बाइक पर बैठाकर ले गए थे। इसके बाद परिवार वालों ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी थाना पहुंच गए और छात्र की बरामदगी की मांग करने लगे।
मामला बढ़ता देख एएसपी आनंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम तुरंत सक्रिय हुई। पुलिस ने गांव के ही दो युवकों मुसो यादव के पुत्र विकास यादव और बुलबुल यादव के पुत्र मोहित यादव उर्फ कारेलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में दोनों पुलिस को लगातार गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती के बाद दोनों टूट गए और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
पूछताछ में सामने आया कि मोहित यादव छात्र को बाइक से पहले बलिया इलाके में अपनी बहन के घर के पास लेकर गया, जहां दूसरा आरोपी पहले से मौजूद था। वहीं दोनों ने मिलकर विकास की बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि इतना पीटा गया कि उसके दोनों हाथ और गर्दन तक टूट गए। पिटाई के बाद उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए खगड़िया जिले के बेलदौर दियारा क्षेत्र ले गए और तालाब में फेंक दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बेलदौर पहुंचकर शव बरामद किया। शव की हालत देखकर पुलिस और परिजन भी सन्न रह गए।
CCTV फुटेज से खुला पूरा राज
घटना के खुलासे में CCTV फुटेज अहम सबूत बना। फुटेज में मृतक विकास आरोपियों के साथ जाता दिखाई दे रहा है। इसी आधार पर पुलिस ने जांच तेज की और दोनों आरोपियों तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतक पहले अच्छे दोस्त थे और साथ पढ़ाई भी करते थे।
फर्जी फेसबुक आईडी बना विवाद की वजह
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक कुछ महीने पहले आरोपी विकास यादव ने मृतक के बड़े भाई शिवम के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील फोटो अपलोड कर दिया था। इस मामले में शिकायत होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। करीब एक महीने पहले ही वह जेल से बाहर आया था और तभी से बदला लेने की धमकी दे रहा था।
मृतक के चाचा मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी सनकी प्रवृत्ति का था और जेल से छूटने के बाद लगातार परिवार को धमका रहा था। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। इस निर्मम हत्या के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं लोगों में अपराधियों के खिलाफ भारी गुस्सा देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
बेगूसराय में इंटर छात्र के अपहरण और हत्या मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। दोस्त ही कातिल निकला। छात्र की बेरहमी से हत्या कर शव को 90 किलोमीटर दूर खगड़िया के बेलदौर दियारा स्थित तालाब में फेंक दिया गया। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया।#Begusarai #MurderCase… pic.twitter.com/zuFxYTgoKp
— FirstBiharJharkhand (@firstbiharnews) May 28, 2026



