RRB Group D Result 2024: रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा में शामिल लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. RRB Group D Result 2024 को लेकर रेलवे ने नया अपडेट जारी किया है. ताजा जानकारी के मुताबिक रिजल्ट अब 23 जून 2026 के बाद ही जारी होने की संभावना है. रेलवे भर्ती बोर्ड ने अप्रेंटिस (CCAA) उम्मीदवारों को अपनी डिटेल्स अपडेट करने के लिए 23 जून तक का समय दिया है.
रेलवे की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, जिन अप्रेंटिस अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय अपने NCVT अंक अपडेट नहीं किए थे, उनके लिए 17 जून 2026 से 23 जून 2026 तक मॉडिफिकेशन विंडो खोली गई है. इस दौरान उम्मीदवार अपने प्रमाणपत्र और अंकों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट कर सकते हैं.
रेलवे ने बताया है कि CCAA उम्मीदवारों को मेरिट लिस्ट तैयार करते समय NCVT परीक्षा के अंकों का वेटेज दिया जाता है. इसके अलावा रेलवे प्रतिष्ठान से प्रशिक्षित अप्रेंटिस उम्मीदवारों को फिजिकल दक्षता परीक्षा (PET) से छूट भी मिलती है.
रिजल्ट से पहले करना होगा ये काम
जो उम्मीदवार इस सुविधा के दायरे में आते हैं, उन्हें अपना विवरण अपडेट करना जरूरी होगा. इसके लिए उन्हें अपने रीजनल रेलवे भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा.
उम्मीदवारों को आवेदन संख्या और जन्मतिथि के जरिए लॉगिन करने के बाद अपने NCVT प्रमाणपत्र की जानकारी और प्राप्त अंकों को भरना होगा. अगर कोई उम्मीदवार तय समय सीमा के अंदर अपनी जानकारी अपडेट नहीं करता है तो उसे अप्रेंटिस उम्मीदवारों को मिलने वाले लाभ नहीं दिए जाएंगे.
कब जारी होगा रेलवे ग्रुप डी रिजल्ट?
रेलवे ने पहले ही संकेत दिया था कि ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का परिणाम जून 2026 में जारी किया जा सकता है. हालांकि अब अप्रेंटिस उम्मीदवारों के डेटा अपडेट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही रिजल्ट जारी किया जाएगा.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 23 जून के बाद उम्मीदवारों की जानकारी की जांच की जाएगी और इसके बाद परिणाम जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
1 करोड़ से ज्यादा उम्मीदवार हुए थे शामिल
रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा 2024 के तहत 32,438 पदों के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी. रिपोर्ट के अनुसार करीब 1 करोड़ 8 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी CBT परीक्षा में शामिल हुए थे.
रिजल्ट जोनवार PDF फॉर्मेट में जारी किया जाएगा. इसमें उम्मीदवार अपना रोल नंबर चेक कर सकेंगे. इसके साथ ही मेरिट लिस्ट और कटऑफ भी जारी की जाएगी.
कैसे डाउनलोड करें RRB Group D Result
- 1. सबसे पहले अपने रीजनल RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- 2. RRB Group D Result लिंक पर क्लिक करें.
- 3. रिजल्ट की PDF स्क्रीन पर खुल जाएगी.
- 4. PDF में Ctrl+F दबाकर अपना रोल नंबर खोजें.
- 5. रिजल्ट डाउनलोड कर भविष्य के लिए सेव कर लें.
कब हुई थी परीक्षा?
रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा 27 नवंबर से 10 फरवरी तक आयोजित की गई थी. परीक्षा की आंसर-की 17 फरवरी को जारी की गई थी और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 23 फरवरी तक चली थी. लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को आगे चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा. सामान्य उम्मीदवारों के लिए PET का प्रावधान है, लेकिन रेलवे में प्रशिक्षित CCAA अप्रेंटिस उम्मीदवारों को इससे छूट दी जाएगी.



