India Post GDS Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए भारतीय डाक विभाग ने बड़ी भर्ती निकाली है. ग्रामीण डाक सेवक (GDS) शेड्यूल-II जुलाई 2026 के तहत ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के कुल 23,757 पदों पर भर्ती की जाएगी. इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा या इंटरव्यू के जरिए नहीं होगा, बल्कि 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी.
डाक विभाग के अनुसार, ऑनलाइन वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से शुरू होगी. इसके बाद उम्मीदवार 2 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 सितंबर 2026 शाम 5 बजे निर्धारित की गई है.
आवेदन से पहले जरूरी दस्तावेज रखें तैयार
GDS भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को फॉर्म भरने से पहले अपने जरूरी दस्तावेज और उनकी जानकारी तैयार रखनी चाहिए. आवेदन प्रक्रिया में दर्ज की जाने वाली जानकारी में किसी तरह की गलती होने पर आगे दस्तावेज सत्यापन के दौरान परेशानी हो सकती है.
10वीं की मार्कशीट और सर्टिफिकेट जरूरी
उम्मीदवार के पास 10वीं कक्षा की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट होना चाहिए. आवेदन फॉर्म में नाम, माता-पिता का नाम और जन्म तिथि वही दर्ज करनी होगी, जो 10वीं के प्रमाण-पत्र में दर्ज है. उम्मीदवार का 10वीं में गणित और अंग्रेजी विषय पढ़ना भी अनिवार्य है.
स्थानीय भाषा की जानकारी जरूरी
जिस राज्य या डाक सर्किल से उम्मीदवार आवेदन कर रहा है, वहां निर्धारित स्थानीय भाषा का ज्ञान होना जरूरी है. उम्मीदवार ने उस स्थानीय भाषा को कम से कम 10वीं कक्षा तक पढ़ा होना चाहिए.
फोटो और डिजिटल सिग्नेचर भी रखें तैयार
ऑनलाइन आवेदन के लिए उम्मीदवार को निर्धारित प्रारूप में पासपोर्ट साइज फोटो और डिजिटल सिग्नेचर की जरूरत होगी. फोटो JPG/JPEG फॉर्मेट में होना चाहिए. फोटो का साइज 30 KB से 100 KB के बीच और डायमेंशन 320×400 पिक्सल निर्धारित है. वहीं डिजिटल सिग्नेचर JPG/JPEG फॉर्मेट में 20 KB से 100 KB के बीच और 300×120 पिक्सल का होना चाहिए.
मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जरूरी
आवेदन के दौरान उम्मीदवार के पास एक्टिव मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होना चाहिए. ओटीपी वेरिफिकेशन और भर्ती से जुड़ी आगे की सूचनाएं इन्हीं माध्यमों से मिल सकती हैं.
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार रखें प्रमाण पत्र
SC, ST, OBC और EWS श्रेणी के उम्मीदवारों को आरक्षण या आयु सीमा में छूट का लाभ लेने के लिए संबंधित प्रमाण पत्र की जरूरत होगी. दिव्यांग उम्मीदवारों को भी अपनी श्रेणी के अनुसार वैध दिव्यांगता प्रमाण पत्र रखना होगा.
मेरिट में चयन के बाद इन दस्तावेजों की जरूरत
मेरिट लिस्ट में चयन होने के बाद उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए मूल कागजात प्रस्तुत करने होंगे. इसके साथ self-attested फोटोकॉपी भी जमा करनी होगी.
दस्तावेज सत्यापन के दौरान 10वीं की मूल मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और जन्म तिथि से संबंधित प्रमाण-पत्र मांगे जा सकते हैं.
पहचान के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेज रखे जा सकते हैं. जन्म तिथि के लिए 10वीं का प्रमाण-पत्र या आधिकारिक जन्म प्रमाण पत्र मान्य होगा.
कुछ पदों के लिए देना होगा अंडरटेकिंग
GDS भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को कुछ जरूरी घोषणापत्र और अंडरटेकिंग भी देने होंगे. इनमें कंप्यूटर की बेसिक जानकारी होने का स्व-घोषणा पत्र और साइकिल चलाने का ज्ञान होने से संबंधित घोषणा शामिल है.
इसके अलावा उम्मीदवार को डाक सेवा के अलावा आजीविका के अन्य साधन होने का अंडरटेकिंग देना होगा. BPM पद के लिए संबंधित गांव में शाखा डाकघर संचालित करने के लिए जगह या कमरा उपलब्ध कराने से जुड़ा अंडरटेकिंग भी आवश्यक होगा.
कौन कर सकता है आवेदन
इस भर्ती के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. 10वीं में गणित और अंग्रेजी विषय में पास होना जरूरी है. इसके साथ ही आवेदन करने वाले उम्मीदवार को संबंधित डाक सर्किल की स्थानीय भाषा का ज्ञान होना चाहिए.
उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु की गणना 21 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी. नियमों के अनुसार SC/ST उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र सीमा में 5 वर्ष, OBC उम्मीदवारों को 3 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को निर्धारित नियमों के अनुसार 10 से 15 वर्ष तक की छूट दी जाएगी.
कब से कब तक होगा आवेदन
- OTR की शुरुआत: 31 अगस्त 2026
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 2 सितंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तारीख: 21 सितंबर 2026, शाम 5 बजे
- कुल पद: 23,757
- पद: BPM, ABPM और डाक सेवक
- चयन प्रक्रिया: 10वीं के अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट
- परीक्षा और इंटरव्यू नहीं: चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू का प्रावधान नहीं है.





