EPF Scheme 2026: एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) ने कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है। केंद्र सरकार ने EPF Scheme, 2026 को अधिसूचित (नोटिफाई) कर दिया है। नए नियमों के तहत अब अनिवार्य पीएफ योगदान की अधिकतम सीमा 1,800 रुपये प्रति माह होगी, जो 15,000 रुपये की वैधानिक (Statutory) बेसिक सैलरी का 12 प्रतिशत है।
नए नियमों के अनुसार, यदि किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 1 लाख रुपये या उससे अधिक भी है, तब भी कर्मचारी और नियोक्ता (Employer) दोनों की ओर से अनिवार्य पीएफ योगदान केवल 1,800-1,800 रुपये ही होगा। इससे अधिक योगदान पूरी तरह स्वैच्छिक (Voluntary) रहेगा।
क्या बदलेगा?
अब तक कई कंपनियां कर्मचारियों की वास्तविक बेसिक सैलरी का 12 प्रतिशत पीएफ में जमा करती थीं। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 45,000 रुपये थी तो हर महीने 5,400 रुपये पीएफ में जमा होते थे और उतनी ही राशि कंपनी भी जमा करती थी।
हालांकि, नए नियम लागू होने के बाद कंपनियां कानूनी रूप से केवल 1,800 रुपये तक ही अनिवार्य योगदान करने की बाध्य होंगी। यदि कर्मचारी इससे अधिक राशि जमा करना चाहता है, तो वह स्वैच्छिक योगदान कर सकता है, लेकिन उस अतिरिक्त राशि में नियोक्ता का योगदान देना अनिवार्य नहीं होगा।
कर्मचारियों पर क्या होगा असर?
इस बदलाव का कर्मचारियों पर सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह का प्रभाव पड़ सकता है। अनिवार्य पीएफ कटौती कम होने से कर्मचारियों की इन-हैंड सैलरी बढ़ सकती है। वहीं, यदि कर्मचारी स्वैच्छिक रूप से अतिरिक्त योगदान नहीं करते हैं, तो रिटायरमेंट के समय उनके पीएफ फंड में पहले की तुलना में कम राशि जमा होगी। ऐसे कर्मचारी जो रिटायरमेंट के बाद अधिक बचत चाहते हैं, उन्हें अब अपनी ओर से अतिरिक्त स्वैच्छिक योगदान करना होगा।
PF पर मिलेगा 8.25% ब्याज
फिलहाल EPFO अपने सदस्यों को 8.25 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दे रहा है, जो कई सरकारी बचत योजनाओं की तुलना में अधिक है। ऐसे में विशेषज्ञ भी रिटायरमेंट फंड बढ़ाने के लिए स्वैच्छिक पीएफ योगदान को लाभकारी मानते हैं।
एडवांस निकासी के नियम भी बदले
EPF Scheme, 2026 के तहत एडवांस निकासी (Advance Withdrawal) के नियमों में भी संशोधन किया गया है। पहले सदस्य विभिन्न कारणों से 13 बार तक एडवांस निकासी कर सकते थे। अब इसे घटाकर 3 बार कर दिया गया है। एडवांस निकासी केवल आवश्यक जरूरतों, घर से जुड़े कार्यों और विशेष परिस्थितियों में ही की जा सकेगी। सदस्य पात्रता के अनुसार उपलब्ध राशि का 100 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे, लेकिन पीएफ खाते में कम से कम 25 प्रतिशत राशि बनाए रखना अनिवार्य होगा।
नोट: यह खबर उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। EPFO के नियमों से संबंधित अंतिम और आधिकारिक जानकारी के लिए संबंधित अधिसूचना और EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देश अवश्य देखें।





