Bihar News: बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है. प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत राज्य को 400 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं. इन बसों के आने से शहरी इलाकों में यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल यात्रा सुविधा मिल सकेगी.
इस योजना को लेकर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC), परिवहन विभाग बिहार और ग्रीनसेल मोबिलिटी के बीच 17 जून 2026 को कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किया जाएगा. इस कार्यक्रम में परिवहन विभाग के मंत्री दामोदर रावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. वहीं परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा समेत कई अधिकारी शामिल होंगे.
परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने बताया कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत राज्य में 400 एसी इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू किया जाएगा. इससे शहरों में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को नई दिशा मिलेगी. यात्रियों को आरामदायक सफर के साथ-साथ प्रदूषण में कमी लाने में भी मदद मिलेगी.
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी और बिहार में हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा. सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिले और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी काम हो.
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा ने बताया कि योजना के तहत बिहार को कुल 400 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी. इनमें 200 बसें 9 मीटर लंबाई की होंगी, जबकि 200 बसें 12 मीटर लंबाई की होंगी.
इन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन राज्य के छह प्रमुख शहरों में किया जाएगा. पटना में सबसे ज्यादा 150 बसें चलेंगी, जबकि गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया में 50-50 बसों का परिचालन किया जाएगा.
योजना के पहले चरण में जुलाई 2026 से 9 मीटर वाली 200 इलेक्ट्रिक बसें मिलने की उम्मीद है. इसके बाद इन्हें अलग-अलग शहरी रूटों पर चलाया जाएगा.
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इनमें से 50 इलेक्ट्रिक एसी बसों को पिंक बस के रूप में संचालित किया जाएगा. इन बसों का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना होगा.
वहीं बाकी 150 इलेक्ट्रिक एसी बसें आम यात्रियों के लिए अलग-अलग मार्गों पर चलाई जाएंगी. इन बसों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सफर का अनुभव मिलेगा.




