Bihar Sugar Price: भागलपुर में आगामी त्योहारी सीजन से पहले चीनी की कीमतों में अचानक बड़ा उछाल आया है. शहर के खुदरा बाजार में सामान्य चीनी का भाव बढ़कर 68 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है. कारोबारियों के अनुसार, करीब 10 से 12 दिनों में चीनी की कीमत में लगभग 24 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है. अचानक बढ़े दामों का असर आम लोगों के साथ-साथ मिठाई कारोबारियों पर भी पड़ रहा है.
शहर के सुरखीकल इलाके के किराना कारोबारी गुड्डू के अनुसार, करीब 12 दिन पहले तक खुदरा बाजार में चीनी 44 से 46 रुपये प्रति किलो बिक रही थी. इसके बाद कीमतों में लगातार बढ़ोतरी होती गई और अब यह 68 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. कम समय में इतनी बड़ी वृद्धि से रोजाना की जरूरत का सामान खरीदने वाले लोगों का बजट प्रभावित हुआ है.
थोक बाजार में भी कीमतों में तेजी
थोक कारोबारी विपिन कुमार के मुताबिक, चीनी के दाम में राष्ट्रीय स्तर पर आई तेजी का असर भागलपुर के बाजार पर भी पड़ा है. देश के प्रमुख चीनी उत्पादक और व्यापारिक केंद्रों में अगस्त के दौरान थोक कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. महाराष्ट्र के कोल्हापुर जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में भी चीनी के थोक भाव में करीब 20 प्रतिशत तक की तेजी आने की बात कारोबारियों ने कही है.
बाहरी मंडियों से महंगी कीमत पर चीनी की खरीद होने के कारण स्थानीय बाजार में भी इसका असर दिखाई दे रहा है. थोक में बढ़ी लागत का सीधा असर खुदरा कीमतों पर पड़ रहा है.
एथेनॉल उत्पादन से प्रभावित हुआ चीनी का स्टॉक
कारोबारियों और बाजार से जुड़े लोगों के अनुसार, चीनी की कीमत बढ़ने की एक बड़ी वजह एथेनॉल उत्पादन भी है. गन्ने के रस और शीरे के एक हिस्से का इस्तेमाल एथेनॉल बनाने में होने से चीनी के उत्पादन और बाजार में उपलब्ध स्टॉक पर असर पड़ा है.
इसके अलावा आने वाले त्योहारों को देखते हुए मिठाई दुकानदारों और बड़े कारोबारियों ने पहले से चीनी की खरीद शुरू कर दी है. गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा, दुर्गापूजा और दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने की उम्मीद में कारोबारी स्टॉक जुटा रहे हैं.
मांग बढ़ी तो और बढ़ सकते हैं दाम
त्योहारों से पहले चीनी की मांग बढ़ने और बाजार में उपलब्ध स्टॉक पर दबाव बनने से कीमतों में तेजी आई है. कारोबारियों का कहना है कि अगर आने वाले दिनों में बाजार में चीनी की आवक और आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ, तो कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है.
चीनी के दाम में अचानक आए इस उछाल का असर त्योहारों के दौरान बनने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की लागत पर भी पड़ सकता है. ऐसे में आने वाले दिनों में बाजार की कीमतों पर कारोबारियों और उपभोक्ताओं दोनों की नजर बनी हुई है.





