Vikramshila Setu: भागलपुर के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. करीब एक महीने से प्रभावित विक्रमशिला सेतु पर अब फिर से गाड़ियों का परिचालन शुरू होने जा रहा है. सेतु पर तैयार किए गए बेली ब्रिज का अंतिम ट्रायल शनिवार को किया जाएगा. इस दौरान भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी खुद गाड़ी से पुल पार कर इसकी सुरक्षा और मजबूती का जायजा लेंगे.
जानकारी के मुताबिक, 7 जून से विक्रमशिला सेतु पर बने बेली ब्रिज से वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा. इसके पहले 6 जून को फाइनल ट्रायल किया जा रहा है. ट्रायल के दौरान कई तरह की गाड़ियों को पुल से गुजारा जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है और वाहनों के संचालन के लिए तैयार है.
भागलपुर के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि ट्रायल सफल होने के बाद अगले दिन से आम लोगों के लिए पुल खोल दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सुरक्षा को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पुल पर वाहनों के संचालन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है.
हालांकि इस बेली ब्रिज से सभी तरह की गाड़ियों को गुजरने की अनुमति नहीं होगी. भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. पुल के दोनों छोर पर बैरियर लगाए जा रहे हैं, जहां पुलिस बल की तैनाती होगी. चेक पोस्ट पर तैनात कर्मियों को साफ निर्देश दिया गया है कि केवल तय मानकों के अनुरूप वाहनों को ही पुल पर जाने दिया जाए.
पुल की सुरक्षा को देखते हुए वाहनों की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है. तकनीकी जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया है ताकि किसी तरह का जोखिम न हो और पुल पर यातायात सुरक्षित बना रहे.
विक्रमशिला सेतु को जल्द चालू करने के लिए सीमा सड़क संगठन (BRO), निर्माण निगम और विभिन्न विभागों के इंजीनियर लगातार दिन-रात काम कर रहे हैं. पुल तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त किया जा रहा है. साथ ही एंगल की मरम्मत, सड़क की लाइनिंग, मार्किंग और सिंगल लेन मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है.
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया था. इसके बाद प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बेली ब्रिज निर्माण का काम शुरू कराया. अब यह काम लगभग पूरा हो चुका है और लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है.





