ब्रेकिंग
Bihar News: छठ महापर्व को लेकर बिहार में सुरक्षा का चाक-चौबंद इंतजाम, निजी नावों पर प्रतिबंध; 500 मेडिकल कैंप रहेंगे तैनात, DGP कंट्रोल रूम का नंबर जारी✦PM Modi Bihar Visit : PM मोदी के बिहार दौरे से पहले वैशाली में हलचल तेज, जाफरपट्टी में एक लाख लोगों की तैयारी; नीतीश सेतु का करेंगे उद्घाटन✦Bihar News: अनंत सिंह को 30 नवंबर तक बड़ी राहत, बेटी की शादी के बाद विधानसभा नोटिस का देंगे जवाब; 4 दिसंबर तक जाना होगा जेल?✦Bihar News : छठ से पहले बिहार के 2.50 लाख पंचायत प्रतिनिधियों की चमकी किस्मत! 3 महीने के भत्ते के लिए 137 करोड़ जारी✦Bihar News: आज खरना पूजा के बाद 36 घंटे तक पानी भी नहीं पीएंगे छठ व्रती, जानिए क्यों खाई जाती है गुड़ की खीर और रोटी✦Bihar News: छठ महापर्व को लेकर बिहार में सुरक्षा का चाक-चौबंद इंतजाम, निजी नावों पर प्रतिबंध; 500 मेडिकल कैंप रहेंगे तैनात, DGP कंट्रोल रूम का नंबर जारी✦PM Modi Bihar Visit : PM मोदी के बिहार दौरे से पहले वैशाली में हलचल तेज, जाफरपट्टी में एक लाख लोगों की तैयारी; नीतीश सेतु का करेंगे उद्घाटन✦Bihar News: अनंत सिंह को 30 नवंबर तक बड़ी राहत, बेटी की शादी के बाद विधानसभा नोटिस का देंगे जवाब; 4 दिसंबर तक जाना होगा जेल?✦Bihar News : छठ से पहले बिहार के 2.50 लाख पंचायत प्रतिनिधियों की चमकी किस्मत! 3 महीने के भत्ते के लिए 137 करोड़ जारी✦Bihar News: आज खरना पूजा के बाद 36 घंटे तक पानी भी नहीं पीएंगे छठ व्रती, जानिए क्यों खाई जाती है गुड़ की खीर और रोटी

PM Modi Bihar Visit : PM मोदी के बिहार दौरे से पहले वैशाली में हलचल तेज, जाफरपट्टी में एक लाख लोगों की तैयारी; नीतीश सेतु का करेंगे उद्घाटन

21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर आएंगे। वैशाली के जाफरपट्टी में उनके कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हैं। नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद पीएम के जाफरपट्टी पहुंचने की संभावना है। यहां एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

PM Modi Bihar Visit : PM मोदी के बिहार दौरे से पहले वैशाली में हलचल तेज, जाफरपट्टी में एक लाख लोगों की तैयारी; नीतीश सेतु का करेंगे उद्घाटन
Tejpratap
Tejpratap
6 मिनट

वैशाली : बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। 21 नवंबर को पीएम मोदी के बिहार आगमन को लेकर वैशाली के राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार से लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन तक पूरी ताकत झोंक रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और आवागमन की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर करीब एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था करने का लक्ष्य रखा है।


तैयारियों की कमान अब सरकार के स्तर पर भी संभाल ली गई है। शुक्रवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव खुद जाफरपट्टी पहुंचे और कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक किए गए इंतजामों की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से साफ कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा और प्रोटोकॉल को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दिन किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हो।


इस दौरान वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने उपमुख्यमंत्री को कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मंच कहां बनाया जा रहा है, लोगों के बैठने की व्यवस्था कैसी होगी और वीआईपी से लेकर आम लोगों की गाड़ियों की पार्किंग कहां होगी, इन सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा के साथ-साथ आम लोगों की सुविधा का भी पूरा ख्याल रखा जाए। दूर-दराज के जिलों से आने वाले लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।


पीएम मोदी के इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल होगा, जिसे नीतीश सेतु के नाम से जाना जाएगा। प्रधानमंत्री 21 नवंबर को इस महत्वाकांक्षी पुल का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए पटना एयरपोर्ट पर उनके विशेष विमान से पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां से प्रधानमंत्री हेलिकॉप्टर के जरिए राघोपुर में तैयार किए गए हेलीपैड पर पहुंच सकते हैं। इसके बाद वे कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।


बताया जा रहा है कि उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री कुछ देर तक नीतीश सेतु पर चहलकदमी भी करेंगे। इसके बाद उनका सड़क मार्ग से वैशाली के जाफरपट्टी पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस संभावित रूट को देखते हुए प्रशासन ने पटना से वैशाली तक सड़क सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। पीएम के काफिले के गुजरने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।


प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भी जाफरपट्टी पहुंचने की संभावना है। बताया जा रहा है कि 18 नवंबर को सीएम कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि होना बाकी है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों को और तेज कर दिया है।


इस बीच भाजपा संगठन भी प्रधानमंत्री के स्वागत को यादगार बनाने की तैयारी में जुट गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनके नेतृत्व में बिहार विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ युवाओं में भी जबरदस्त उत्साह है।


बैठक में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं जाफरपट्टी में उपमुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक महेन्द्र राम, राजेश राम और पवन जायसवाल सहित कई नेता उपस्थित थे। सभी ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।


प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग जिलों से आने वाली भीड़ को व्यवस्थित तरीके से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाना है। पटना के अलावा छपरा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और वैशाली समेत कई जिलों से लोगों के आने की संभावना है। इसके लिए प्रशासन ने अलग-अलग मार्गों की पहचान कर ली है। इन रास्तों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार करने का निर्देश भी दिया गया है।


कुल मिलाकर 21 नवंबर का कार्यक्रम सिर्फ प्रधानमंत्री के दौरे तक सीमित नहीं रहने वाला है। एक तरफ नीतीश सेतु के उद्घाटन के जरिए बिहार को बड़ी आधारभूत संरचना की सौगात मिलने जा रही है, तो दूसरी तरफ जाफरपट्टी में होने वाले बड़े आयोजन के जरिए एनडीए अपनी राजनीतिक ताकत और संगठनात्मक एकजुटता भी दिखाने की तैयारी में है। अब सबकी नजरें प्रधानमंत्री के आगमन और इस कार्यक्रम की तैयारियों पर टिकी हैं।