BEGUSARAI: बेगूसराय के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद बिहार की सियासत तेज हो गई है। गुरुवार को बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पीड़ित परिवार से मिलने गांव में पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने पुलिस से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने स्पष्ट कहा कि इस जघन्य हत्या में शामिल मुख्य आरोपी बच्चा सिंह सहित सभी अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सभी फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
दौरे के दौरान तेजस्वी यादव ने बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष से फोन पर बातचीत कर मामले की जानकारी ली और कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि बचे हुए सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
नीतीश सरकार पर जमकर बरसे तेजस्वी
मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। कहा कि बिहार में अपराध पूरी तरह बेलगाम हो चुका है और कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। उन्होंने अररिया की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक व्यक्ति की हत्या कर उसके सिर को बाजार में घुमाया गया, यह बेहद भयावह और शर्मनाक है। बिहार अपराध के मामले में अव्वल होता जा रहा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई और नौकरी जैसे बुनियादी क्षेत्रों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जबकि भ्रष्टाचार और महंगाई में इजाफा हो रहा है।
मुख्यमंत्री बनाने में लोग व्यस्त, जनता परेशान
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार जनहित के मुद्दों से भटक गई है। पहले पांच साल में एक बार सरकार बनती थी, अब कुछ महीनों में ही फिर सरकार बनाने की चर्चा शुरू हो जाती है। भाजपा के नेता मुख्यमंत्री बनने की होड़ में लगे हैं, लेकिन जनता की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद हो गई, लेकिन उन्हें पर्याप्त मुआवजा नहीं मिल पाया। राज्य में रोजगार के अभाव में मजदूरों का पलायन जारी है और आम जनता महंगाई से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है।
स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में न तो पर्याप्त डॉक्टर हैं, न दवाइयां उपलब्ध हैं और न ही समुचित इलाज हो पा रहा है। वहीं शिक्षा व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि स्कूलों में पढ़ाई का स्तर गिरता जा रहा है और ड्रॉपआउट रेट सबसे अधिक है। प्रति व्यक्ति आय के मामले में बिहार देश में सबसे नीचे है और राज्य अब भी सबसे गरीब बना हुआ है।
पुरानी रंजिश में हुई थी बेरहमी से हत्या
गौरतलब है कि मार्च माह में पुरानी रंजिश के चलते अपराधियों ने 27 वर्षीय मोहम्मद वकील उर्फ मखिया का अपहरण कर लिया था। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से पीटा गया और अंत में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के विरोध में पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों पर भी बदमाशों ने हमला कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे।
सियासत तेज, पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद
तेजस्वी यादव के दौरे और तीखे बयानों के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से और गरमा गया है। विपक्ष जहां कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेर रहा है, वहीं पीड़ित परिवार को अब न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।





