PATNA: सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) में प्रदेश प्रवक्ता रह चुकी प्रिया सिंह वत्स तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल में शामिल हो गई हैं। जेजेडी ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया है। प्रिया राजपूत करणी सेवा से भी जुड़ी हुई हैं।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े लाल तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल में प्रिया को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। तेज ने अपनी पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रिया को बनाया है। इस बात की घोषणा तेज प्रताप ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर की है।
तेज प्रताप यादव ने पार्टी की सदस्यता हासिल करते प्रिया की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा कि जनशक्ति जनता दल द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए प्रिया सिंह वत्स जी को सांगठनिक अनुभव, वाकपटुता और पार्टी की नीतियों के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को देखते हुए आपको जनशक्ति जनता दल का 'राष्ट्रीय प्रवक्ता' नियुक्त किया जाता है।
तेज प्रताप ने आगे लिखा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि आपकी इस नियुक्ति से पार्टी को एक नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। आप अपनी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगी। आपके सफल और उज्ज्वल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।





