Bihar Road Accident: बिहार के सीवान में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विदुरती हाता गांव स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप रविवार की देर शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया। हादसे में टड़वां गांव निवासी मुकेश कुमार और उनके पुत्र बिट्टू कुमार की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि मुकेश कुमार अपने पुत्र बिट्टू कुमार को बाइक पर बैठाकर सब्जी खरीदने के लिए बाजार जा रहे थे। इसी दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप हकाम की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने विपरीत दिशा में जाकर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पिता-पुत्र बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से ट्रक को हटाकर दोनों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। समाचार प्रेषण तक पुलिस शवों के पोस्टमार्टम और आवश्यक कागजी कार्रवाई में जुटी थी।





