SITAMARHI: सीतामढ़ी के साहियार थाना प्रभारी अर्चना कुमारी के खिलाफ शिकायत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में अनुसूचित जनजाति मंत्री लखेंद्र पासवान द्वारा सीतामढ़ी एसपी को फोन किए जाने का एक वीडियो सामने आने का दावा किया जा रहा है।
कथित वीडियो में मंत्री एसपी से साहियार थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान एसपी को कथित तौर पर कई बार “जी सर” कहते हुए सुना जा सकता है।
वीडियो में मंत्री कथित तौर पर एसपी से कहते हैं कि अर्चना कुमारी के खिलाफ कार्रवाई कीजिए और ऐसे लोगों को थाना अध्यक्ष के पद पर मत रखिए, जो सरकार और प्रशासन की छवि खराब करें। मंत्री आगे कथित तौर पर कहते हैं कि “जब थाना अध्यक्ष ही मारपीट करने लगें तो कानून का राज कैसे स्थापित होगा, एसपी साहब।”
बताया जा रहा है कि पंचायत की स्ट्रीट लाइट को कथित तौर पर थाने ले जाने समेत अन्य शिकायतों को लेकर मामला मंत्री तक पहुंचा था। इसके बाद मंत्री ने सीतामढ़ी एसपी से सीधे फोन पर बातचीत की।
मंत्री और एसपी के बीच हुई कथित बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चित हो गया है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं, एसपी द्वारा मामले में जांच के आदेश दिए जाने की बात सामने आई है। अब जांच रिपोर्ट और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है।





