Bihar Special Trains: दिवाली और छठ महापर्व के दौरान बिहार आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और कंफर्म टिकट की समस्या को देखते हुए बिहार के लिए 134 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का परिचालन 5 दिसंबर तक किया जाएगा। यात्रियों की जरूरत को देखते हुए रेलवे इनके फेरों की संख्या भी बढ़ा सकता है।
पूर्व मध्य रेलवे ने उत्तर और दक्षिण बिहार के लिए 67 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। इनमें उत्तर बिहार के लिए 40 जोड़ी और दक्षिण बिहार के लिए 27 जोड़ी ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा भारतीय रेलवे के अन्य जोन की ओर से भी कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा, जो बिहार के अलग-अलग रूटों से होकर गुजरेंगी।
इस तरह दिवाली और छठ को ध्यान में रखते हुए बिहार से खुलने वाली और बिहार होकर गुजरने वाली करीब 236 ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। इससे देश के विभिन्न हिस्सों से बिहार आने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र के मुताबिक, यात्रियों की मांग बढ़ने पर स्पेशल ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी की जा सकती है। पटना से ही 50 से अधिक शहरों के लिए ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इससे दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पंजाब, गुजरात समेत देश के अन्य राज्यों से बिहार आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करने और वेटिंग लिस्ट से राहत दिलाने में भी मदद मिल सकती है।
उत्तर बिहार के लिए चलने वाली प्रमुख स्पेशल ट्रेनें
उत्तर बिहार के यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कई प्रमुख स्पेशल ट्रेनों को चलाने की व्यवस्था की है। इनमें मुजफ्फरपुर-आनंद विहार स्पेशल और आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल और दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल, अमृतसर-जयनगर स्पेशल और उधना-जयनगर स्पेशल, यशवंतपुर-सहरसा स्पेशल और सहरसा-आनंद विहार स्पेशल, कोलकाता-मधुबनी स्पेशल और सियालदह-सीतामढ़ी स्पेशल, नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल और नई दिल्ली-सुपौल स्पेशल, पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल, श्रीगंगानगर-समस्तीपुर स्पेशल, शकूर बस्ती-मानसी स्पेशल, पुणे-मुजफ्फरपुर स्पेशल, छेहरटा-मुजफ्फरपुर स्पेशल, चंडीगढ़-बरौनी स्पेशल, योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर स्पेशल,पोत्तनूर-बरौनी स्पेशल शामिल हैं। इनके अलावा भी उत्तर बिहार के विभिन्न रूटों पर अन्य स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।
दक्षिण बिहार के लिए भी कई स्पेशल ट्रेनें
दक्षिण बिहार आने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की है। इनमें प्रमुख रूप से सियालदह-पटना स्पेशल, पटना-नई दिल्ली वंदे भारत स्पेशल, सोगरिया-दानापुर स्पेशल, रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल, भगत की कोठी-दानापुर स्पेशल, गया-आनंद विहार स्पेशल, फिरोजपुर-पटना स्पेशल, चार्लापल्ली-सासाराम स्पेशल, एर्नाकुलम-पटना स्पेशल, दानापुर-आनंद विहार स्पेशल, आसनसोल-पटना स्पेशल, नई दिल्ली-दानापुर स्पेशल, डॉ. आंबेडकर नगर-दानापुर स्पेशल, ग्वालियर-बरौनी स्पेशल और चंडीगढ़-पटना स्पेशल शामिल हैं। इन ट्रेनों के अलावा भी अन्य रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
त्योहारों में भीड़ से मिलेगी राहत
दिवाली और छठ के दौरान हर साल बिहार आने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिलती है। इस वजह से यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में परेशानी होती है और सफर के दौरान भी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू करने से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। जरूरत पड़ने पर फेरों की संख्या बढ़ाने के फैसले से त्योहार के दौरान यात्रा की मांग को पूरा करने में भी मदद मिल सकती है।




