Bihar News: बिहार के मोतिहारी में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां दो साल पहले इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती आखिरकार शादी तक पहुंच गई। हिंदरी बाजार की रहने वाली आरती कुमारी और छतौनी निवासी देवा दास के बीच सोशल मीडिया के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों एक-दूसरे से मिलने लगे।
बताया जाता है कि जब दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी परिवार वालों को हुई, तो उनकी मुलाकातों पर रोक लगा दी गई। इसके बाद दोनों घर छोड़कर चले गए और अलग-अलग जगहों पर रहने लगे। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों परिवारों को इसकी जानकारी देकर लड़की को घर भेज दिया।
हालांकि, इसके बाद भी दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा। आरती छिपकर देवा दास से मिलने जाती थी। दोनों की लगातार मुलाकातों की जानकारी जब मोहल्ले के लोगों को मिली, तो उन्होंने इसकी सूचना दोनों परिवारों तक पहुंचाई।
मामले को लेकर मोहल्ले के लोगों और परिजनों ने पहल की। इसके बाद मंदिर में ही दोनों की शादी कराने का फैसला लिया गया। स्थानीय लोगों ने शादी के लिए माला मंगवाई और पंडित को बुलाया। मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाई और देवा दास ने आरती की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया। इस तरह दो साल से चल रहे प्रेम प्रसंग का अंत शादी के रूप में हुआ। शादी के दौरान दोनों परिवारों की सहमति की बात भी सामने आई।
आरती कुमारी ने बताया कि उनकी और देवा दास की पहचान करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्यार हो गया। शुरुआत में परिवार के लोग इस रिश्ते से नाराज थे, लेकिन अब सभी की मौजूदगी में मंदिर में शादी हो रही है। आरती ने कहा कि वह इस शादी से खुश हैं।
समाजसेवी संजीत कुमार ने बताया कि इस प्रेम प्रसंग को लेकर लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। उनके मुताबिक, मामले को देखते हुए स्थानीय लोगों ने मिलकर दोनों की मंदिर में शादी कराने का निर्णय लिया, ताकि विवाद का समाधान हो सके और दोनों अपने रिश्ते को सामाजिक स्वीकृति के साथ आगे बढ़ा सकें।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी





