Bihar Crime News: शिवहर जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है. पिपराही थाना क्षेत्र के अंबा उत्तरी उर्फ अंबा कला गांव में बुधवार देर रात 20 वर्षीय ललन कुमार की हत्या कर दी गई. आरोप है कि उसे प्रेमिका के मोबाइल से फोन कर मिलने के लिए घर बुलाया गया था. वहां पहले से मौजूद लोगों ने उसकी लाठी-डंडे और लोहे की खंती से पिटाई कर दी. घटना में गंभीर रूप से घायल ललन की मौत हो गई.
मृतक की पहचान गांव के भरत साह के पुत्र ललन कुमार के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही पिपराही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतक के भाई विजय साह के आवेदन पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है.
प्रेमिका के मोबाइल से फोन कर बुलाने का आरोप
बताया जा रहा है कि ललन कुमार का गांव की ही युवती शिवानी कुमारी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों एक ही गांव और समाज से ताल्लुक रखते थे. युवती के परिजनों को जब इस रिश्ते की जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया.
आरोप है कि 16 सितंबर की रात शिवानी के मोबाइल से ललन को फोन कर मिलने के लिए उसके घर बुलाया गया. देर रात ललन जब युवती के घर पहुंचा तो वहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे. आरोप है कि इसके बाद उसकी लाठी-डंडे और लोहे की खंती से पिटाई शुरू कर दी गई.
इलाज से पहले ही हुई मौत
पिटाई में ललन गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की.
मामले में प्रेमिका समेत 3 गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शांति देवी, उनके पुत्र आदित्य कुमार और पुत्री शिवानी कुमारी को गिरफ्तार किया है. डीएसपी इशानी सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.
पुलिस ने घटनास्थल से दो मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की खंती और खून लगा लकड़ी का डंडा बरामद किया है. पुलिस इन सामानों को जांच का हिस्सा बनाकर मामले की छानबीन कर रही है.
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में नामजद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. डीएसपी ने बताया कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.





