ROHTAS: सासाराम से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रोहतास जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनरसिया गांव में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बीते 7 सितंबर को लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे मणि भूषण कुमार और ननकी देवी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले गांव के तीन लोगों को मद्य निषेध से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों को शक था कि मणि भूषण कुमार और ननकी देवी ने ही पुलिस को इसकी सूचना दी थी, जिसके कारण उनके परिवार के लोगों की गिरफ्तारी हुई।
इसी बात से नाराज होकर बनरसिया गांव के करण कुमार ने दोनों की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, करण कुमार ने अभिषेक कुमार और शक्ति कुमार के साथ मिलकर मणि भूषण कुमार और ननकी देवी की हत्या कर दी थी।
घटना के बाद गांव में काफी हंगामा हुआ था। अब पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रोहतास के एसपी मिस्टर राज ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन से तकनीकी साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





