Bihar Crime News: सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ़ में शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. विवाद के दौरान हुई चाकूबाजी में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से परसागढ़ और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है.
मृतकों की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के पंचुआ टोला जिरात निवासी विजय यादव के 24 वर्षीय पुत्र रवीश कुमार यादव, महाराजगंज थाना क्षेत्र के बगरा निवासी धुरूप यादव के 28 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार यादव और छपरा निवासी बाला प्रसाद के पुत्र अंकुर कुमार के रूप में हुई है. अंकुर कुमार घटना के दौरान परसागढ़ में अपने मामा के घर आया हुआ था.
बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार यादव पिछले करीब एक साल से अपनी पत्नी रिंता देवी और दो वर्षीय बेटे कार्तिक यादव के साथ अपने ससुराल पंचुआ टोला जिरात में रह रहा था. घटना के बाद तीनों परिवारों में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी. शनिवार रात किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट और चाकूबाजी शुरू हो गई. इस दौरान कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इसी दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी.
एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव और एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच कर रही है. पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की वजह का पता लगाया जा रहा है.
पुलिस फिलहाल घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आने की जानकारी दे रही है, लेकिन विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और चाकूबाजी की स्थिति कैसे बनी, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी. पुलिस घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.





