SAHARSA: खबर सहरसा से है। जहाँ जिले में अवैध मादक पदार्थों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सहरसा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सदर थाना क्षेत्र के टीओपी-02 पुलिस दल ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफसिरप (कोरेक्स) बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
सदर थाना अंतर्गत टीओपी-02 प्रभारी राघवेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ गश्ती पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि नया बाजार, सहरसा बाईपास स्थित पासवान टोला में तपस्वी कुमार उर्फ बाबुल कुमार झा एवं नंद कुमार झा अपने घर में भारी मात्रा में कफसिरप की खेप रखे हुए हैं। वरीय पुलिस पदाधिकारी को सूचित करते हुए प्राप्त सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो पुलिस वाहन को देखकर दोनों आरोपी घर से भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद सशस्त्र बल के सहयोग से जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
पलंग के नीचे छिपाकर रखे थे 8 कार्टून
पकड़े गए व्यक्तियों और उनके घर की विधिवत तलाशी ली गई, जहां कमरे में पलंग के नीचे छिपाकर रखे गए 8 कार्टून बरामद हुए। प्रत्येक कार्टून से 160 पीस यानी कुल 1280 पीस (कुल 128 लीटर) कोडीनयुक्त कफसिरप और एक मोबाईल फोन जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान तपस्वी कुमार उर्फ बाबुल कुमार झा (पिता— नंद कुमार झा) नंद कुमार झा (पिता— स्वर्गीय बागेश्वर झा) दोनों निवासी नया बाजार, सहरसा बाईपास, पासवान टोला (वार्ड नं. 03/11), थाना व जिला सहरसा के रूप में हुई है।
प्राथमिकी दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में सदर थाना में कांड संख्या 1274/2026 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्जकर ली गई है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष अजय पासवान, टीओपी-02 प्रभारी राजवेन्द्र कुमार एवं टीओपी-02 के सशस्त्र बल शामिल रहे।





