Bihar News: राघोपुर में गंगा कटाव से परेशान एक युवक सोमवार को कटाव निरोधी कार्य में तेजी लाने और राजद नेता तेजस्वी यादव को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक ने साफ कहा कि तेजस्वी यादव के आने के बाद ही वह नीचे उतरेगा. घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर और जुड़ावनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया.
युवक की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के नगरगामा निवासी रणविजय के पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है. उसके टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए. पुलिस और परिजन लगातार युवक से नीचे आने की अपील कर रहे हैं.
पहले बनाया वीडियो, फिर टावर पर चढ़ा युवक
मौके पर मौजूद रवि के चचेरे भाई रोहित कुमार ने बताया कि रवि वहां पहुंचने के बाद पहले अपना वीडियो बनाने लगा. वीडियो में उसने राघोपुर में गंगा कटाव की समस्या और कटाव निरोधी कार्य में तेजी लाने की मांग उठाई. इसके बाद वह पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया.
रवि का कहना है कि राघोपुर में गंगा कटाव से लोगों को काफी परेशानी हो रही है और इस दिशा में तेजी से काम होना चाहिए. इसी मांग को लेकर वह तेजस्वी यादव को राघोपुर बुलाने की बात कह रहा है.
दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना और जुड़ावनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास किया.
पुलिस के अनुसार रवि ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया है, जिसके कारण उससे सीधे संपर्क करने में भी परेशानी हो रही है. इसके बावजूद पुलिस लगातार उससे नीचे उतरने की अपील कर रही है.
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई लोग युवक को समझाने के बजाय उसका वीडियो बनाने में लगे हुए हैं और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इससे मौके की स्थिति संभालने में परेशानी हो रही है.
राघोपुर प्रखंड के कई इलाकों में गंगा कटाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है. कटाव निरोधी कार्य में तेजी लाने की मांग को लेकर लोग लगातार आवाज उठा रहे हैं. इसी मुद्दे को लेकर रवि ने टावर पर चढ़कर तेजस्वी यादव को मौके पर बुलाने की मांग शुरू कर दी.
फिलहाल पुलिस, परिजन और स्थानीय लोग मौके पर मौजूद हैं और युवक को सुरक्षित नीचे लाने के लिए लगातार बातचीत का प्रयास कर रहे हैं.





