Bihar Police: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मोतिहारी पुलिस ने एसटीएफ के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए अफीम की बड़ी खेप बरामद की है. इस दौरान अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है.
मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के एनएच-27 पर नरसिंह बाबा मंदिर के पास एक कार से भारी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर जांच शुरू की.
जांच के दौरान एक उजले रंग की अर्टिगा कार को रोका गया. तलाशी लेने पर वाहन के अंदर से 10.54 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले साजन कुमार यादव और मुन्ना कुमार यादव के अलावा गया जिले के अनुज कुमार साव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार सभी आरोपी मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े हुए थे.
पूछताछ के दौरान पुलिस को इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने गोविंदगंज थाना क्षेत्र के सरैया खास गांव में छापेमारी कर जितेंद्र चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह कई राज्यों में मादक पदार्थों की सप्लाई करता था. अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और अफीम की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी.
मामले को लेकर डुमरियाघाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
मोतिहारी पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि अपराध और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.




