PURNIA: पूर्णिया पुलिस की ओर से शराब तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सदर थाना पुलिस की टीम ने गुलाबबाग के शीशाबाड़ी के पास एक ट्रक से 1,074 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा ट्रक से 17,820 लीटर हाइड्रेशन एप्पल ड्रिंक भी जब्त किया गया है।
असम से समस्तीपुर ले जाई जा रही थी शराब
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रथम अभिनव पाराशर ने प्रेस वार्ता में बताया कि विदेशी शराब की यह खेप असम से समस्तीपुर ले जाई जा रही थी। मामले के उद्भेदन और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को पकड़ा और तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर रखी गई 1,074 लीटर विदेशी शराब बरामद की।
ट्रक चालक समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें ट्रक चालक के अलावा दो अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी समस्तीपुर जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस अब शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप किसके लिए और कहां पहुंचाई जानी थी।





