Bihar News: बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के असोईयां स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव से पहले 25 वर्षीय महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने तथा पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतका की पहचान मकेर थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी रोहित कुमार पासवान की पत्नी लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी देवी दूसरे बच्चे के प्रसव के लिए गुरुवार को असोईयां स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हुई थीं।
स्वजनों का आरोप है कि अस्पताल के चिकित्सक दिनेश राय ने इलाज के नाम पर पैसे की मांग की। इसके बाद परिजन पैसों की व्यवस्था करने चले गए। शुक्रवार को जब वे अस्पताल लौटे तो चिकित्सक ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।
परिजनों का कहना है कि जब महिला को एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना में गर्भस्थ शिशु की भी जान चली गई। इसके बाद परिजनों ने एंबुलेंस से शव को अस्पताल पहुंचाकर जमकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद कथित चिकित्सक के फरार होने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित निजी अस्पताल बिना किसी बोर्ड के संचालित हो रहा था। इस घटना ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने प्रशासन से अस्पताल की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





