Bihar News: बिहार के मोतिहारी में लोक आस्था के महापर्व छठ में फुटपाथ पर दुकान लगाने के लिए दुकानदार आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर लाठियां चलीं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो चकिया नगर परिषद क्षेत्र के केसरिया रोड का बताया जा रहा है। जहां फुटपाथ पर दुकान लगाने को लेकर बुधवार की रात दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते वहां का नजारा रणक्षेत्र सा हो गया। दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग एक-दूसरे पर लाठियां बरसाने लगे।
इस दौरान सड़क पर अफरातफरी मच गई। बाजार में खरीदारी कर लौट रही महिलाओं सहित सभी लोग सड़क किनारे सहमे से खड़े हो गए। लोगों में दहशत का माहौल बन गया।बताया जाता है कि छठ पूजा को लेकर शहर में सड़क के किनारे दोनों ओर दुकानों की कतार लग जाती है। जिसमें अपनी दुकानों को लगाने के लिए फुटकर दुकानदारों में विवाद अक्सर देखने को मिलता है।
लेकिन बुधवार को जो दृश्य शहर की सड़क पर देखने को मिला, उसका किसी को अंदाजा नहीं था। हालांकि घटना को लेकर किसी पक्ष ने किसी प्रकार का कोई आवेदन नहीं दिया है। लेकिन शहरवासियों में इस बात को लेकर काफी दहशत है।शहरवासी इस घटना को लेकर नगर परिषद पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार घोषणा के बावजूद नगर परिषद प्रशासन ने फुटकर दुकानदारों की समस्या का कोई समाधान नहीं किया।
नगर परिषद द्वारा ऐसे दुकानदारों को स्थानांतरित कर बाजार समिति परिसर में जगह देने की बात कितनी बार हुई, लेकिन कोई पहल नहीं की गई। लोगों का यह भी आरोप है कि अतिक्रमण अभियान की भी केवल खानापूर्ति की गई। नप की इस लापरवाही का खामियाजा शहरवासियों और यात्रियों को भुगतना पड़ता है, शहर में नो एंट्री की मांग काफी दिनों से की जा रही है।
जिला पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने केसरिया रोड स्थित नाका के उद्घाटन के दौरान शहर में सुबह आठ बजे से रात्रि आठ बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश को पूरी तरह वर्जित करने की बात कही थी। अनुमंडल प्रशासन के आश्वासन के बावजूद इस पर अब तक अमल नहीं किया गया।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी





