प्रधानमंत्री Narendra Modi गुरुवार को बिहार की राजधानी Patna पहुंच गए। पटना एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री का काफिला गांधी मैदान की ओर रवाना हो चुका है। कुछ ही देर में उनका मेगा रोड शो शुरू होगा, जिसे लेकर पूरे शहर में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री के स्वागत में सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे हैं। भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। जगह-जगह पोस्टर, बैनर और स्वागत द्वार लगाए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी बिहार में होने वाले सम्राट कैबिनेट विस्तार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री Samrat Choudhary के नेतृत्व वाली सरकार का आज पहला बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। गांधी मैदान में आयोजित इस मेगा शपथ ग्रहण समारोह में करीब 30 से ज्यादा नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और अन्य सहयोगी दलों के नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है।
एनडीए ने इस बार मंत्रिमंडल विस्तार में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है। सूत्रों के मुताबिक पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित, महादलित और सवर्ण वर्ग के नेताओं को प्रतिनिधित्व देने पर विशेष फोकस किया गया है। मिथिलांचल, सीमांचल, मगध, भोजपुर और कोसी क्षेत्र के नेताओं को भी जगह मिलने की चर्चा है।
प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो को लेकर पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक पूरे रूट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपीजी, बिहार पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
गांधी मैदान के आसपास सुबह से ही एनडीए समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लेकर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में नारेबाजी कर रहे हैं। महिलाओं और युवाओं में भी खास उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी एलईडी स्क्रीन और विशेष मंच तैयार किया गया है।
एनडीए इस विस्तार के जरिए सामाजिक समीकरण मजबूत करने और संगठन को नई ऊर्जा देने की कोशिश में है। प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व और बढ़ा दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नए मंत्रिमंडल में किन चेहरों को जगह मिलती है और किसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाती है।




