पटना/हाजीपुर : शारदीय नवरात्रि के मौके पर विंध्याचल धाम में लगने वाले नवरात्रि मेले को लेकर रेलवे ने श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा दी है। विंध्याचल स्टेशन पर 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक 10 जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया गया है। इन सभी ट्रेनों का विंध्याचल स्टेशन पर 2 मिनट का ठहराव होगा। इससे बिहार से मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
खास तौर पर पटना, दानापुर, पाटलिपुत्र, भागलपुर, जोगबनी और बिहार के अन्य हिस्सों से आने-जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। नवरात्रि के दौरान विंध्याचल में बड़ी संख्या में बिहार से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रमुख ट्रेनों के विंध्याचल में रुकने से यात्रियों को उतरने और चढ़ने की सुविधा मिलेगी।
बिहार से जुड़ी प्रमुख ट्रेनें
पाटलिपुत्र-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस (12142) विंध्याचल में शाम 4:05 बजे पहुंचेगी और 4:07 बजे रवाना होगी। वहीं वापसी दिशा में लोकमान्य तिलक-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस (12141) रात 10:30 बजे विंध्याचल पहुंचेगी और 10:32 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इससे पटना और पाटलिपुत्र क्षेत्र के यात्रियों को खास फायदा होगा।
इसी तरह दानापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु संघमित्रा एक्सप्रेस (12296) रात 12:35 बजे विंध्याचल पहुंचेगी और 12:37 बजे रवाना होगी। जबकि एसएमवीटी बेंगलुरु-दानापुर संघमित्रा एक्सप्रेस (12295) रात 1:40 बजे विंध्याचल पहुंचेगी और 1:42 बजे आगे जाएगी। इस ट्रेन से दानापुर और पटना क्षेत्र के यात्रियों को विंध्याचल पहुंचने में सुविधा होगी।
सीमांचल एक्सप्रेस का भी ठहराव
बिहार के सीमांचल और उत्तर-पूर्वी हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी रेलवे ने सुविधा बढ़ाई है। जोगबनी-आनंद विहार सीमांचल एक्सप्रेस (12487) सुबह 10:40 बजे विंध्याचल पहुंचेगी और 10:42 बजे रवाना होगी। वहीं आनंद विहार-जोगबनी सीमांचल एक्सप्रेस (12488) शाम 6 बजे विंध्याचल पहुंचेगी और 6:02 बजे रवाना होगी। इससे अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और आसपास के जिलों से आने वाले यात्रियों को विंध्याचल धाम जाने में अतिरिक्त सुविधा मिल सकती है।
इसके अलावा भागलपुर-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस (12335) शाम 7:05 बजे और लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस (12336) सुबह 5:50 बजे विंध्याचल स्टेशन पर रुकेगी। इससे भागलपुर, मुंगेर और आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी फायदा होगा।
इन ट्रेनों को भी मिला अस्थायी ठहराव
रेलवे के मुताबिक लोकमान्य तिलक-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15945), डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस (15946), लोकमान्य तिलक-गुवाहाटी एक्सप्रेस (15647), गुवाहाटी-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस (15648) का भी विंध्याचल में 2 मिनट का ठहराव रहेगा।
इसके साथ ही हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस (12307), जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (12308), हावड़ा-बीकानेर एक्सप्रेस (22307), बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस (22308), पुरी-आनंद विहार पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12801), आनंद विहार-पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12802), दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल (15657) और कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल (15658) भी विंध्याचल स्टेशन पर अस्थायी रूप से रुकेंगी। रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की है। 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक लागू रहने वाली इस सुविधा से नवरात्रि के दौरान विंध्याचल जाने वाले यात्रियों को यात्रा में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।





