Bihar News : राजधानी पटना में यातायात और जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा विकास कार्य पूरा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में सोमवार को 115 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मंदिरी नाले पर बनी सड़क का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इस परियोजना के शुरू होने से पटना से उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी और अधिक सुगम हो जाएगी।
नितिन नवीन ने कहा कि यह परियोजना बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। लंबे समय से स्थानीय लोग बेहतर जलनिकासी और सुगम यातायात व्यवस्था की मांग कर रहे थे, जिसे ध्यान में रखते हुए इस योजना को मूर्त रूप दिया गया। उन्होंने बताया कि इस निर्माण कार्य से न केवल क्षेत्र में जलजमाव की समस्या कम होगी, बल्कि यातायात भी अधिक व्यवस्थित और तेज होगा।
मंदिरी नाले के ऊपर बनी इस सड़क के माध्यम से अब नेहरू पथ (बेली रोड) से जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, डबल डेकर रोड और पीएमसीएच जैसे प्रमुख स्थानों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों को वैकल्पिक और तेज मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे समय की भी बचत होगी। यह नया मार्ग वार्ड संख्या 25, 26 और 27 सहित उत्तर बिहार की ओर जाने वाले लाखों लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा।
इस परियोजना के पूरा होने से पटना के व्यस्ततम बेली रोड पर ट्रैफिक का दबाव भी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की आधारभूत संरचना शहर के यातायात प्रबंधन में दीर्घकालिक सुधार लाने में मदद करेगी।
नितिन नवीन ने इस अवसर पर अपने पिता दिवंगत नवीन कुमार सिन्हा को भी याद किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वर्ष 2004 में उनके पिता ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया था। आज जब यह योजना पूरी होकर जनता को समर्पित हो रही है, तो यह उनके लिए व्यक्तिगत रूप से गर्व और भावनात्मक संतोष का क्षण है।
उन्होंने बताया कि बतौर बांकीपुर विधायक उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में इस योजना का शिलान्यास करने का अवसर मिला था, और अब इसका उद्घाटन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। राज्य सरकार ने इस सड़क का नाम दिवंगत विधायक नवीन किशोर सिन्हा के नाम पर रखने का निर्णय लिया है, जो उनके योगदान को सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस परियोजना को पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा विकसित किया गया है। मंदिरी नाले का व्यापक स्तर पर जीर्णोद्धार किया गया है और इसे ढंककर इसके ऊपर आधुनिक सड़क का निर्माण किया गया है। नाले में एसपी वर्मा रोड, मीठापुर, गर्दनीबाग, बाबूबाजार, धोबीघाट, इकोपार्क क्षेत्र, छज्जूबाग, एमएलए फ्लैट और सिचाई भवन जैसे कई महत्वपूर्ण इलाकों का जल प्रवाह जुड़ा हुआ है।
इस योजना के तहत नेहरू पथ (बेली रोड) पर आयकर चौराहा से दानापुर-बांकीपुर पथ के बांस घाट तक लगभग 1289 मीटर लंबा संपर्क पथ तैयार किया गया है। सड़क को आधुनिक बनाने के लिए स्ट्रीट लाइट की भी व्यवस्था की गई है, जिससे रात के समय भी आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके।कुल मिलाकर, यह परियोजना पटना शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





