Jamui Molestation Case: जमुई में युवती से छेड़छाड़ और उससे जुड़े वायरल वीडियो के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे नंदन यादव को लेकर अब उसके परिवार की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। नंदन यादव की मां आशा देवी ने सरकार से अपने बेटे को एक मौका देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर उनके बेटे से गलती हुई है तो उसे सुधरने का अवसर दिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ समान कार्रवाई की मांग की है।
आशा देवी का कहना है कि उनका बेटा नंदन यादव पहले कभी इस तरह की घटना में शामिल नहीं रहा है। उन्होंने दावा किया कि नंदन के खिलाफ आज तक कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। परिवार के मुताबिक, नंदन बाहर रहकर ट्रक में खलासी का काम करता था और परिवार की स्थिति भी सामान्य है।
'नंदन को गांव के लोगों ने बुलाया था'
नंदन की मां आशा देवी ने कहा कि उनका बेटा अपने काम के सिलसिले में बाहर रहता था। उनका आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने नंदन को बुलाया और इसके बाद उससे बड़ी गलती हो गई। उन्होंने कहा कि नंदन के पास न तो अपना ट्रैक्टर है और न ही कोई दूसरा वाहन।
आशा देवी का कहना है कि उनका बेटा पहले कभी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं रहा। ऐसे में परिवार चाहता है कि पूरे मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जाए और जो भी लोग घटना में शामिल रहे हैं, उनके खिलाफ समान रूप से कार्रवाई हो।
नदी किनारे भैंस चरा रहा था, फिर पैर में गोली लगने का दावा
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद नंदन नदी किनारे भैंस चरा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। परिवार का आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई में नंदन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसका इलाज चल रहा है। नंदन की मां अपने घायल बेटे की स्थिति को लेकर काफी चिंतित हैं। आशा देवी ने कहा कि उन्हें यह तक ठीक से जानकारी नहीं मिल पा रही है कि उनके बेटे की हालत कैसी है और उसका इलाज किस तरह चल रहा है। उन्होंने कहा, “नंदन का इलाज किस तरह से किया जा रहा है, वह कितना घायल है, उसकी क्या परेशानी है और वह किस हालत में रह रहा है, हम लोगों को कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है। उससे मिलने भी नहीं दिया जा रहा है। बेटे की हालत को लेकर हम लोग परेशान हैं।”
भाभी ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप
नंदन यादव की भाभी रूपा कुमारी ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने नौकरी बचाने के लिए नंदन के हाथ में हथियार देकर उसका वीडियो बनाया।रूपा कुमारी ने कहा, “नौकरी बचाने के लिए नंदन के हाथ में हथियार देकर पुलिस ने उसका वीडियो बना लिया। नंदन न तो कोई हथियार रखता है और न ही उसके पास कोई गाड़ी है। हम लोगों के पास भी कोई गाड़ी नहीं है। नंदन पर पहले से कोई केस भी नहीं है। अभी हालत यह है कि घायल नंदन से हम लोगों को मिलने तक नहीं दिया जा रहा है।” हालांकि, पुलिस की कार्रवाई और परिवार की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।
नंदन के पिता पर पहले से हत्या का मुकदमा
इस मामले में एक और महत्वपूर्ण बात नंदन के परिवार से जुड़ी है। नंदन के पिता गनौरी यादव पर दो भाइयों की हत्या का मुकदमा दर्ज है। बताया जा रहा है कि करीब 23 वर्षों तक फरार रहने के बाद गनौरी यादव को गिरफ्तार किया गया है।हालांकि, नंदन की मां आशा देवी लगातार यह बात कह रही हैं कि उनके बेटे का अपने पिता के मामले से अलग कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है। परिवार इसी आधार पर नंदन के साथ अलग तरीके से मामले को देखने की अपील कर रहा है।
मां की सरकार से अपील- 'एक मौका दीजिए'
पूरे मामले के बीच नंदन यादव की मां आशा देवी ने सरकार से भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि उनके बेटे से गलती हुई है तो कानून अपना काम करे, लेकिन उसे खुद को सुधारने का एक अवसर जरूर मिलना चाहिए।आशा देवी ने कहा, “सरकार एक बार मौका दे, नंदन को सुधरने का अवसर मिले। अगर उससे गलती हुई है तो कार्रवाई हो, लेकिन इस मामले में जो भी लोग शामिल हैं, सभी पर एक तरह की कार्रवाई होनी चाहिए।”अब इस मामले में परिवार के आरोप, पुलिस की कार्रवाई और वायरल वीडियो से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी। फिलहाल नंदन यादव के परिवार की ओर से सामने आया यह बयान मामले को एक नया मोड़ देता नजर आ रहा है।





