Patna High Alert: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्रदर्शन और संभावित मार्च को लेकर पटना में भी प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शहर के कई प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। पटना के गांधी मैदान में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों की तैनाती की गई है, जबकि जेपी गोलंबर पर CRPF और बिहार पुलिस के जवानों को मुस्तैद रखा गया है। पुलिस प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।
इससे पहले शुक्रवार को CJP के दिल्ली प्रदर्शन को देखते हुए पटना से दिल्ली के बीच चलने वाली चार प्रमुख ट्रेनों को रद्द किए जाने की सूचना सामने आई थी। इनमें राजेंद्र नगर टर्मिनल–नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर टर्मिनल–नई दिल्ली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर टर्मिनल–नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और इस्लामपुर–नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस शामिल थीं। ट्रेनों के रद्द होने की खबर से पटना जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ जुट गई थी।
शुक्रवार को रद्द की गई ट्रेनों के परिचालन को लेकर शनिवार के लिए अलग-अलग जानकारियां सामने आईं। दानापुर मंडल के DRM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आधिकारिक बयान जारी कर यात्रियों को सूचना दी। वहीं, पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने स्पष्ट किया कि शनिवार को राजेंद्र नगर टर्मिनल से दिल्ली जाने वाली अप दिशा की कोई ट्रेन रद्द नहीं है।
ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि दिल्ली जाने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जरूर जांच लें। वहीं, पटना में पुलिस प्रशासन प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है।





