Bihar News : बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) की कार्रवाई के बाद लघु जल संसाधन विभाग के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर राजेंद्र कुमार चर्चा में हैं। शुक्रवार को उनके पटना, छपरा, गोपालगंज और मुंबई समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच के दौरान इंजीनियर और उनके परिजनों के नाम पर करीब 16 भूखंडों से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। इन जमीनों की अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई का एक दूसरा पहलू भी सामने आया है। जिस इंजीनियर के ठिकानों पर अब SVU ने छापा मारा है, उनकी शिकायत पर कुछ दिन पहले ही आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने दो ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की थी। दोनों पर इंजीनियर को जांच की धमकी देने और दबाव बनाने के आरोप लगे थे। EOU ने दोनों ठेकेदारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इंजीनियर के नाम और परिजनों के नाम पर कई जमीनें
SVU की जांच में राजेंद्र कुमार और उनके परिवार के नाम पर कई जमीनों के दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। इन 16 भूखंडों का कुल अनुमानित मूल्य करीब 3.5 करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा सोनपुर में भी दो जमीनों से संबंधित दस्तावेज जांच टीम के हाथ लगे हैं।
इनमें एक प्लॉट की कीमत करीब 18 लाख रुपये, जबकि दूसरे भूखंड का मूल्य लगभग 39 लाख रुपये बताया जा रहा है। जांच एजेंसी अब इन संपत्तियों की खरीद, भुगतान और आय के स्रोतों का मिलान कर रही है।
राजेंद्र कुमार फिलहाल लघु जल संसाधन विभाग में सुपरिटेंडिंग इंजीनियर के पद पर हैं। उनकी वर्तमान पोस्टिंग छपरा लघु सिंचाई अंचल में बताई गई है। इसके साथ ही वह विभागीय मुख्यालय में अनुश्रवण से संबंधित जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
कैश से लेकर लाखों के गहनों तक का पता
छापेमारी के दौरान सिर्फ जमीन के कागजात ही नहीं मिले। SVU को अलग-अलग ठिकानों से करीब 1.96 लाख रुपये नकद और लगभग 76 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण मिलने की जानकारी दी गई है।
जांच टीम को भारतीय स्टेट बैंक में इंजीनियर से जुड़े छह बैंक खातों का भी पता चला है। इन खातों में हुए लेनदेन और अन्य वित्तीय निवेश की जांच की जा रही है।
पटना से मुंबई तक एक साथ छापेमारी
SVU की टीम ने राजेंद्र कुमार से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। पटना के बेऊर स्थित महावीर कॉलोनी, शेखपुरा के जल भवन स्थित कार्यालय और छपरा कार्यालय के अलावा गोपालगंज स्थित पैतृक आवास पर भी छापेमारी हुई।
इसके साथ ही पटना के जक्कनपुर स्थित ससुराल और मुंबई के गोरेगांव स्थित बहन के आवास को भी जांच के दायरे में रखा गया। इतनी जगहों पर एक साथ हुई कार्रवाई से विभाग में भी हलचल मच गई।
मुंबई में करीब 1.75 करोड़ की जमीन का भी दावा
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक राजेंद्र कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उनकी ज्ञात आय के मुकाबले करीब तीन करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति का पता चला है।
जांच में मुंबई के पनवेल इलाके में जमीन खरीदने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वहां करीब 75 डेसिमल जमीन खरीदी गई है, जिसकी वर्तमान कीमत लगभग 1.75 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जिन ठेकेदारों की शिकायत की, वही मामला अब चर्चा में
राजेंद्र कुमार की शिकायत पर EOU ने हाल में दो ठेकेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इंजीनियर ने आरोप लगाया था कि दोनों उन्हें EOU जांच की धमकी देकर दबाव में लेने की कोशिश कर रहे थे। आरोप यह भी था कि उनकी बात नहीं मानने पर उन्हें बर्बाद करने की धमकी दी गई।
इस मामले में ठेकेदार मंजीत कुमार सिंह और महावीर कंस्ट्रक्शन, तेलपा के संवेदक अमित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
अब इसी कार्रवाई के कुछ दिनों बाद राजेंद्र कुमार के ठिकानों पर SVU की छापेमारी होने से पूरा मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। फिलहाल जांच एजेंसी संपत्तियों, बैंक खातों, नकदी, आभूषण और जमीनों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद संपत्तियों और इंजीनियर की आय के बीच कितना अंतर है।





