Bihar News: बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बीच 1 दिसंबर को पटना की सड़कों पर छात्र अपनी आवाज बुलंद करेंगे। इस दौरान हजारों छात्रों के पटना कॉलेज से बिहार विधानसभा तक मार्च निकालने की तैयारी है। आंदोलन की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी।
छात्रों की प्रमुख मांग बिहार दारोगा भर्ती की 1799 पीटी परीक्षा और मद्यनिषेध सिपाही रेडियो ऑपरेटर परीक्षा को रद्द करने की है। प्रदर्शनकारी इन परीक्षाओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए दोबारा परीक्षा आयोजित करने की मांग उठा रहे हैं।
छात्रों ने BSSC इंटर लेवल, BSO और CGL-4 परीक्षाओं की तिथियां जल्द घोषित करने की मांग भी की है। इसके अलावा संविदा वेटेज समाप्त करने की आवाज उठाई जा रही है।
इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सभी भर्ती आयोग परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को OMR शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध कराएं। साथ ही आंसर की और रिजल्ट के साथ अभ्यर्थियों के प्राप्तांक भी सार्वजनिक किए जाएं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
इस छात्र आंदोलन में BPSC TRE-4 भर्ती का मुद्दा भी शामिल है। छात्र CTET अपीयरिंग अभ्यर्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही सभी भर्ती आयोगों का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षाओं की जानकारी पहले से मिल सके और वे अपनी तैयारी बेहतर तरीके से कर सकें।
छात्रों की अन्य मांगों में शिक्षा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बिहार पुलिस ड्राइवर भर्ती की बची हुई सीटों पर जल्द बहाली शामिल है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, समय पर परीक्षा और लंबित नियुक्तियों को पूरा करना जरूरी है।
छात्रों ने अपने आंदोलन के लिए 'आधा-अधूरा न्याय नहीं, पूर्ण न्याय चाहिए' का नारा दिया है। 1 दिसंबर को पटना कॉलेज से विधानसभा तक प्रस्तावित इस मार्च पर अब सबकी नजरें टिकी हैं। बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान होने वाले इस प्रदर्शन में छात्र अपनी विभिन्न मांगों को सरकार के सामने रखेंगे। अब देखना होगा कि सरकार और संबंधित भर्ती आयोग छात्रों की मांगों पर क्या कदम उठाते हैं।
रिपोर्ट- साहिल कुमार, पटना





