राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज, होटल पनाश पहुंचे तेजस्वी, भाई वीरेंद्र बोले...हमारे पास 41 नहीं 48 विधायक हैं

होटल पनास में तेजस्वी के पहुंचने की खबर मिलते ही BSP विधायक सतीश कुमार और कांग्रेस विधायक कमरूल होदा और अभिषेक रंजन पहुंचे हैं। भाई वीरेंद्र ने दावा किया है कि 48 विधायक उनके साथ हैं। भाजपा के पास कुछ नहीं हैं वे लोग फेरा में पड़े हुए ह

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 15, 2026, 8:40:17 PM

बिहार न्यूज

महागठबंधन ने जीत का किया दावा - फ़ोटो सोशल मीडिया

PATNA: बिहार की 5 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होगा। बिहार विधानसभा में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव में कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं। वोटिंग से पहले एनडीए विधायकों की बैठक हुई, जिसमें रणनीति पर चर्चा हुई और पांचों सीटों पर जीत का दावा किया गया। उधर एक सीट पर महागठबंधन जीत का दावा कर रहा है।


 BSP विधायक सतीश कुमार, किशनगंज से कांग्रेस विधायक कमरूल होदा, चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन और AIMIM के पांचों विधायक भी पहुंचे हैं। इनके पहुंचने के बाद मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने दावा किया है कि 48 विधायक उनके साथ हैं। बीजेपी वाले फेरा में पड़ गये हैं। 


वही चार कांग्रेस विधायक अभी तक नहीं पहुंचे हैं।  

1.मनिहारी से मनोहर सिंह

 2.फारबिसगंज से मनोज विश्वास 

3.अररिया सदर से अब्दुर रहमान

4.बाल्मीकि नगर से सुरेंद्र कुशवाहा


महागठबंधन के तमाम विधायकों को पटना के होटल पनास में ठहराया गया है। यही से सभी कल अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए विधानसभा के लिए प्रस्थान करेंगे। महागठबंधन के विधायकों से मिलने के लिए रविवार की देर शाम नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव होटल पनास पहुंचे। BSP विधायक सतीश कुमार भी वहां पहुंचे। मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र भी होटल में पहुंचे। इस दौरान भाई वीरेंद्र ने भी एक सीट पर जीत का दावा किया। 


भाई वीरेंद्र ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मैं 48 हूं 41 तो कम कह रहे हैं, हम कहां से आ रहे हैं आपको पता है..मैं मनेर से आ रहा हूं..मैं मनेर का विधायक हूं..मनेर की जनता ने हमको लाड़ प्यार दिया है। मैं वही से आ रहा हूं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के पास कुछ हैं नहीं वो फेरा में पड़े हुए हैं और पांचवा उम्मीदवार मेरा जीत रहा है। वो दावा कम कर रहे हैं लेकिन आप लोग ज्यादा उन्ही लोग का खबर चला रहे हैं। जो सही है वो ना चलाना चाहिए। हम 48 होंगे 41 तो हमारा संख्या बल है ही हम 48 करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा के सदस्य हमारे साथ आ रहे हैं लेकिन किस-किस पार्टी से आ रहे हैं यह मैं नहीं जानता। 


रविवार की शाम AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल इमान के आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शामिल हुए थे। उनके साथ आईपी गुप्ता भी इफ्तार पार्टी में पहुंचे थे। अख्तरूल इमान ने गुलदस्ता देकर और गले लगाकर तेजस्वी यादव का स्वागत किया। ओवैसी की पार्टी द्वारा आयोजित इफ्तार में शामिल होने के बाद तेजस्वी यादव सीधे उस होटल में पहुंच गये जहां पर आरजेडी विधायकों को रखा गया है। 


उधर वोटिंग से पहले ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी किसके पक्ष में वोट करेगी। अब ओवैसी के विधायक भी आरजेडी उम्मीदवार के पक्ष में वोट करेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि एआईएमआईएम की तरफ से हमें इफ्तार पार्टी का निमंत्रण दिया गया था। हमलोग इफ्तार पार्टी में शामिल हुए हैं। हमने एआईएमआईएम से राज्यसभा चुनाव के लिए समर्थन मांगा है। मुझे पूरा विश्वास है कि कल जो राज्यसभा का चुनाव होना है, हमलोग मिलकर बीजेपी के लोगों को परास्त करेंगे और चुनाव जीतेंगे।


वहीं एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में किसी बड़ी रणनीति का मामला नहीं है। हमारे पांचों एमएलए आरजेडी के उम्मीदवार एडी सिंह के पक्ष में फैसला कर चुके हैं। पार्टी ने फैसला किया है कि हमारे सभी पांच विधायक आरजेडी उम्मीदवार को वोट करेंगे। हालांकि इस दौरान ने उस सवाल को टाल गए जिसमें मीडिया ने पूछा कि आखिर किस शर्त के आधार पर यह फैसला हुआ है?

पटना से संजीव सिंह की रिपोर्ट