Bihar Bullet Train Route: बिहार में बुलेट ट्रेन चलाने की दिशा में बड़ी पहल हो रही है। दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का संभावित रूट सामने आया है। इसके तहत बुलेट ट्रेन बिहार के 8 जिलों से होकर गुजरेगी। इनमें बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज शामिल हैं।
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) की ओर से इस कॉरिडोर का रूट अलाइनमेंट तैयार किया जा रहा है। प्रस्ताव के मुताबिक, बिहार में पांच प्रमुख जगहों पर बुलेट ट्रेन के स्टेशन बनाए जा सकते हैं। इनमें बक्सर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया और कटिहार शामिल हैं।
हालांकि, अभी इन स्टेशनों के नाम और उनके लिए जमीन की जगह को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। प्रस्तावित कॉरिडोर आरा, पूर्णिया और किशनगंज से भी होकर गुजरेगा। लेकिन इन शहरों में बुलेट ट्रेन का नियमित ठहराव होगा या नहीं, इसका फैसला अंतिम डीपीआर और सर्वे पूरा होने के बाद ही किया जाएगा।
राजधानी पटना में बुलेट ट्रेन स्टेशन बनाने के लिए फुलवारीशरीफ स्थित एम्स के आसपास की जगह पर चर्चा चल रही है। हालांकि, अभी तक स्टेशन के लिए जमीन का चयन नहीं हुआ है। इसके लिए अंतिम फैसला रूट अलाइनमेंट, सर्वे और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के आधार पर लिया जाएगा।
केंद्रीय बजट 2026-27 में दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई थी। इस प्रस्तावित कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 1550 किलोमीटर बताई जा रही है। इसके बनने से बिहार के कई जिलों को हाई-स्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। फिलहाल बिहार में बुलेट ट्रेन के स्टेशनों की लोकेशन, जमीन और ठहराव को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इसके लिए डीपीआर और सर्वे का काम पूरा होना जरूरी है।





