BHOJPUR: बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 नाबालिग लड़कियों को दलालों से मुक्त कराया है। आरोप है कि इन लड़कियों से जबरन डांसर का काम कराया जा रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर धोबहां थाना क्षेत्र के बगइचा इलाके में छापेमारी की।
मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लड़कियों को कहां से लाया गया था और इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
भोजपुर जिले के धोबहां थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन ‘नया सवेरा-3.0’ के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि बगइचा इलाके में कुछ नाबालिग लड़कियों से जबरन नर्तकी का काम कराया जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई और संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान 12 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया। शुरुआती पूछताछ में लड़कियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें अलग-अलग जगहों से लाकर जबरन डांसर का काम कराया जाता था।
इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार पासवान भी शामिल है, जो भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस अब इस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लड़कियों को किन जगहों से लाया गया था और इस काम में दूसरे लोगों की भी भूमिका है या नहीं। मामला नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





