Ayodhya Janakpur Train: अयोध्या से माता सीता की नगरी जनकपुर धाम तक जल्द ही साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शुरू होने जा रहा है। इस ट्रेन के चलने से बिहार के पांच जिलों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन चलाने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही ट्रेन का टाइम टेबल और स्टॉपेज भी जारी कर दिया गया है। ट्रेन के परिचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह संयुक्त रूप से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। इसके लिए 23 नवंबर की तारीख संभावित बताई जा रही है। हालांकि, आधिकारिक उद्घाटन कार्यक्रम की पुष्टि का इंतजार है।
रेलवे की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15595) प्रत्येक शनिवार को जनकपुर धाम से रवाना होगी। यह ट्रेन दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से खुलेगी और दोपहर 2:10 बजे जयनगर पहुंचेगी। इसके बाद शाम 7 बजे सीतामढ़ी और रात 10:50 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। ट्रेन रविवार सुबह 3:55 बजे गोरखपुर से गुजरते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15596) प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी। ट्रेन शाम 5:50 बजे अयोध्या से खुलेगी और रात 10:13 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद देर रात 1:50 बजे नरकटियागंज और सुबह 4:42 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। मंगलवार सुबह 8:30 बजे जयनगर से गुजरते हुए यह ट्रेन नेपाल में प्रवेश करेगी और दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।
रेलवे बोर्ड के अनुसार, भारत में इस ट्रेन का व्यावसायिक ठहराव जयनगर, मधुबनी, दरभंगा के शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या में होगा। वहीं, नेपाल में ट्रेन का ठहराव जनकपुर धाम में निर्धारित किया गया है।
जयनगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की विशेष कस्टम जांच की व्यवस्था भी की जा सकती है। वहीं, सीतामढ़ी में ट्रेन का ठहराव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे बिहार के सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को नेपाल और अयोध्या के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि बीते 5 नवंबर को जयनगर से नेपाल के जनकपुर धाम और कुर्था तक ट्रेन परिचालन को लेकर ट्रायल भी किया गया था। अब अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस ट्रेन से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की नगरी जनकपुर धाम के दर्शन करने के लिए सीधा रेल संपर्क मिलेगा। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही दोनों देशों के बीच यात्रियों की आवाजाही भी आसान हो सकेगी।




