Anant Singh daughter wedding: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर मेहमानों को खाना परोसने वाले होमगार्ड जवान पर पटना ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की है। शादी समारोह में जवान द्वारा मेहमानों को खाने का पत्तल बांटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। वीडियो के सत्यापन और जांच के बाद संबंधित जवान को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जवान की पहचान गृहरक्षक सतीश कुमार के रूप में हुई है। उनकी तैनाती शादी समारोह स्थल से सटे मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए की गई थी। हालांकि, वायरल वीडियो में वह अपनी निर्धारित ड्यूटी के बजाय वर्दी पहनकर निजी समारोह में मेहमानों को खाना परोसते नजर आए।
मामले की जांच के बाद ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने जवान सतीश कुमार को तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय, पटना बुला लिया है। साथ ही उन्हें अगले आदेश तक यातायात ड्यूटी से वंचित रखते हुए लाइन हाजिर कर दिया गया है। ट्रैफिक एसपी ने जवान के इस कृत्य को कर्तव्य के प्रति लापरवाही मानते हुए उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा है। इसके अलावा आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के दौरान एक वर्दीधारी होमगार्ड जवान का खाना परोसते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में जवान मेहमानों को खाने का पत्तल बांटता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने इसकी जांच कराई। इसके बाद अनुशासनहीनता और निर्धारित ड्यूटी में लापरवाही के आधार पर यह कार्रवाई की गई।




