Bihar News : पटना और नालंदा जिले की सीमा से सटे इलाके में एक वृद्ध दूध विक्रेता की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बाढ़ अनुमंडल के भदौर थाना क्षेत्र के बरुआने खंदा गांव की है, जहां अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है ताकि साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा सके।
मृतक की पहचान नालंदा जिले के गोबिंदपुर निवासी भूषण कुमार के रूप में की गई है। वह कई वर्षों से आसपास के क्षेत्रों में दूध बेचने का काम करते थे और रोजाना की तरह मंगलवार की रात भी डेरी में दूध देने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।
देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने शुरू की तलाश
परिजनों के अनुसार, भूषण प्रतिदिन भदौर स्थित डेरी में दूध देने जाते थे और कुछ ही देर में वापस घर लौट आते थे। मंगलवार की रात भी वह नियमित रूप से दूध देने निकले थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान भदौर थाना पुलिस की ओर से परिजनों को सूचना दी गई कि एक वृद्ध का शव बरुआने खंदा इलाके में बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान भूषण के रूप में की गई।
पीठ में गोली लगने की आशंका
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि वृद्ध की पीठ में गोली मारी गई थी। मृतक के गले में गमछा भी लिपटा हुआ पाया गया, जिससे पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को सुनसान इलाके में फेंका गया हो, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटनास्थल से पुलिस ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए।
पुत्र ने जताई निष्पक्ष जांच की उम्मीद
मृतक के पुत्र नीतीश कुमार ने बताया कि उनके पिता हर दिन की तरह दूध देने गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। बाद में पुलिस से हत्या की सूचना मिली। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों का कहना है कि भूषण का किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह क्या है, इसे लेकर परिवार भी हैरान है।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी रामानंदन रमन ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, लूटपाट या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद पटना और नालंदा सीमा से सटे गांवों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद हत्या के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।





