PATNA:पटना में महाअष्टमी पर दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मुसल्लहपुर में गरम मसाले और मौली धागे से बनी प्रतिमा, मछुआटोली में मां दुर्गा के 26 स्वरूप और नाला रोड में 14 वर्षीय अनिष मेहता द्वारा बनाई गई छोटी प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर मां दुर्गा की भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा पटना में देखने को मिल रहा है। शहर के अलग-अलग पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। महासप्तमी से ज्यादा भीड़ आज महाअष्टमी के मौके पर पूजा पंडालों और मंदिरों में देखने को मिल रही है। जय माता दी के जयकारों से पूरा इलाका गूंज रहा है।
शारदीय नवरात्रि के आठवें दिन यानी महाअष्टमी पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना की जा रही है। सुबह से ही पटना के प्रमुख दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ देखने को मिल रही है। श्रद्धालु मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना कर रहे हैं।
पटना में इस बार दुर्गा पूजा के दौरान कई आकर्षक प्रतिमाएं और अनोखी सजावट लोगों का ध्यान खींच रही हैं। मुसल्लहपुर इलाके में गरम मसाला और मौली धागे से तैयार की गई प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां स्थापित भारत माता की प्रतिमा को देखने के लिए दूर-दराज के इलाकों से भी लोग पहुंच रहे हैं।
वहीं, पटना के मछुआटोली स्थित एसीबी क्लब की ओर से मां दुर्गा के 26 स्वरूपों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन अनूठे स्वरूपों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। एक साथ माता के इतने रूप को देख लोग अपनी मोबाइल में इसे कैद करते नजर आ रहे हैं। पूजा पंडाल में परिवार के साथ लोग फोटो खिंचवा रहे हैं। माता के जयकारों से मछुआटोली इलाका गूंज रहा है।
वही पटना के नाला रोड में मां भवानी बालक संघ ने सबसे छोटी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की है। 14 साल के अनिष मेहता ने खुद अपने हाथों से माता रानी की प्रतिमा बनाई है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। अनिष 2020 से मां दुर्गा की सबसे छोटी प्रतिमा स्थापित कर रहे हैं।
महाअष्टमी के मौके पर पूरा पटना भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। कहीं मां के जयकारे गूंज रहे हैं, तो कहीं भव्य प्रतिमाएं और आकर्षक पूजा पंडाल लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। श्रद्धालुओं में मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है।





