Patna Tiranga Yatra : पटना में सोमवार, 10 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा की शुरुआत जेपी गोलंबर से हुई, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक तिरंगा लेकर पहुंचे। देशभक्ति के नारों के बीच निकली इस यात्रा ने राजधानी की सड़कों पर खास माहौल बना दिया।
हालांकि, इस कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक गलियारों में एक अलग चर्चा भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मंच और कार्यक्रम स्थल पर दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी नहीं दिखी। कार्यक्रम शुरू होने के बाद भी दोनों डिप्टी सीएम नजर नहीं आए। इसे लेकर वहां मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी फिलहाल राजधानी पटना से बाहर हैं, जिस वजह से वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। वहीं, दूसरे उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने को लेकर उम्र अधिक होने की वजह से शामिल नहीं होने की चर्चा रही। हालांकि, उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की आधिकारिक वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
मंच पर दिखे मंत्री अशोक चौधरी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मंत्री अशोक चौधरी की मौजूदगी जरूर देखने को मिली। वह मंच पर नजर आए और तिरंगा यात्रा से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए। ऐसे में मुख्यमंत्री के साथ मौजूद नेताओं को लेकर भी कार्यक्रम स्थल पर लोगों की नजर बनी रही।
तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना से जोड़ना है। राजधानी में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
देर से पहुंचे दिलीप जायसवाल और मिथिलेश तिवारी
इसी बीच कार्यक्रम स्थल पर एक और दिलचस्प स्थिति देखने को मिली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में मंत्री दिलीप जायसवाल और मंत्री मिथिलेश तिवारी देर से पहुंचे। दोनों मंत्री जब कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो सुरक्षा व्यवस्था के कारण उन्हें कुछ देर गेट पर ही इंतजार करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल गेट खोलने से इनकार कर दिया। दोनों मंत्री गेट के बाहर खड़े होकर इंतजार करते रहे। सुरक्षा कर्मियों की ओर से कहा गया कि फिलहाल गेट नहीं खोला जाएगा। काफी देर तक इंतजार के बाद आखिरकार दोनों मंत्रियों के लिए गेट खोला गया और वे कार्यक्रम स्थल के अंदर पहुंचे।
इस पूरे घटनाक्रम ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पहले से निर्धारित समय के अनुसार चल रहा था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुरक्षाकर्मी किसी तरह की ढील देने के मूड में नहीं थे। यही वजह रही कि देर से पहुंचे मंत्रियों को भी कुछ समय तक बाहर इंतजार करना पड़ा।
सुरक्षा के बीच निकली तिरंगा यात्रा
जेपी गोलंबर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा को लेकर पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में तिरंगा नजर आया और देशभक्ति के नारों के बीच माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज को हर घर तक पहुंचाने और लोगों को स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति के रंग में रंगने का संदेश दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
वहीं, कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्रियों की गैरमौजूदगी और देर से पहुंचे दो मंत्रियों को गेट पर इंतजार करना पड़ा, ये दोनों घटनाएं कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय बनी रहीं। खासकर मुख्यमंत्री की मौजूदगी के बीच शीर्ष स्तर के नेताओं की उपस्थिति और अनुपस्थिति पर राजनीतिक नजरें टिकी रहीं।





