Patna Crime News: पटना में महानवमी की रात दुर्गा पूजा पंडाल के पास पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई. एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में पिलर नंबर-33 के पास हुए इस विवाद में प्रसाद बांट रहा 35 वर्षीय युवक विजय चौरसिया गोली लगने से घायल हो गया. घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात दुर्गा पूजा महोत्सव युवा संघ की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसी दौरान विजय चौरसिया पूजा पंडाल के पास लोगों के बीच प्रसाद बांट रहा था. आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला धर्मेंद्र दास चार-पांच अन्य युवकों के साथ वहां पहुंचा. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.
विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी. इसी दौरान आरोप है कि धर्मेंद्र दास ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी. गोली विजय की बांह में लगी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा. घटना के दौरान करीब चार राउंड फायरिंग होने की बात भी सामने आई है.
गोली चलने की आवाज से पूजा पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने घायल विजय को संभाला और घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद एयरपोर्ट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
घायल विजय ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पूजा पंडाल के पास प्रसाद बांट रहा था. इसी दौरान धर्मेंद्र दास अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और विवाद के बाद गोली चला दी. पुलिस ने विजय के बयान के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी की घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है. पुलिस आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है और गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.





